सिरसा में रामलीलाओं का शुभारंभ, श्रीराम के जयकारों से गूंजे मंच, वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने किया रिबन काटकर उद्घाटन
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
धर्म, आस्था और भगवान राम की भक्ति के रंगों से सराबोर सिरसा में रामलीला मंचन का शुभारंभ श्रद्धा और उल्लास के साथ हुआ। गऊशाला रोड स्थित रामलीला मैदान में श्री लक्ष्मण कला केंद्र द्वारा आयोजित रामलीला महोत्सव का उद्घाटन वरिष्ठ भाजपा नेता एवं श्री बाबा तारा जी कुटिया के मुख्य सेवक गोबिंद कांडा ने रिबन काटकर किया। वहीं, ट्रेड टावर मार्केट में सियाराम चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से आयोजित रामलीला का भी उन्होंने विधिवत शुभारंभ किया। दोनों आयोजनों में ईश वंदना की गई आरती हुई और कलाकारों को रामलीला के सफल मंचन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

श्री लक्ष्मण कला केंद्र के उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता ब्राह्मण सभा के प्रधान सुशील शर्मा ने की। कार्यक्रम में पहुंचे गोबिंद कांडा का आयोजकों और श्रद्धालुओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ स्वागत किया तथा फूल-मालाएं पहनाकर अभिनंदन किया। उद्घाटन के अवसर पर भव्य आतिशबाजी की गई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। गोबिंद कांडा ने रामलीला के विभिन्न दृश्यों का आनंद लिया और मंचन के लिए आयोजकों की सराहना की। इस अवसर पर आयोजकों ने उन्हें स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

मंच से उपस्थित जनों को सम्बोधित करते हुए वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा ने कहा कि भगवान श्रीराम का जीवन आदर्शों, मर्यादा, सत्य और धर्म का प्रतीक है। वे आदर्श राजा, आदर्श पुत्र और आदर्श मित्र होने के साथ-साथ अपने शत्रुओं के प्रति भी मर्यादित व्यवहार करने वाले थे। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर प्रत्येक व्यक्ति जीवन को बेहतर और सफल बना सकता है। रामायण का प्रत्येक पात्र समाज को आदर्श जीवन जीने का संदेश देता है। भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण और हनुमान सहित सभी पात्रों का जीवन त्याग, समर्पण, कर्तव्यनिष्ठा और सेवा की प्रेरणा देता है। यदि इन आदर्शों को अपने आचरण में शामिल किया जाए तो जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि रामलीला हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और धार्मिक परंपराओं का अभिन्न अंग है। ऐसे आयोजन समाज में आस्था, संस्कार और आपसी सद्भाव को मजबूत करते हैं। साथ ही, नई पीढ़ी को भगवान श्रीराम के आदर्शों से परिचित करवाकर उन्हें सत्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।
मंच पर रामायण प्रसंग के तहत रावण और कैलाश पर्वत से जुड़ी लीला का प्रभावशाली मंचन किया गया। दृश्य में दर्शाया गया कि लंका का राजा रावण पुष्पक विमान से जा रहा था, लेकिन कैलाश पर्वत के निकट पहुंचने पर उसका विमान रुक गया। इससे क्रोधित रावण ने पर्वत को उखाड़ने का प्रयास किया। इसी दौरान भगवान शिव के भक्त नंदी ने उसे कैलाश पर्वत की महिमा बताई और भगवान शिव के प्रति श्रद्धा प्रकट करने का संदेश दिया। बल प्रयोग में असफल होने के बाद रावण ने भगवान शिव की आराधना की। उसकी भक्ति से प्रसन्न होकर भगवान शिव ने उसे दर्शन दिए और वरदान स्वरूप तलवार प्रदान की। कलाकारों की प्रस्तुति ने दर्शकों को भक्तिभाव और धर्म की महत्ता का संदेश दिया।

श्री लक्ष्मण कला केंद्र को गोबिंद कांडा ने एक लाख रुपये की सहयोग राशि प्रदान की, जबकि ब्राह्मण सभा के प्रधान सुशील शर्मा ने 11 हजार रुपये का सहयोग दिया। केंद्र के संचालक एवं पूर्व पार्षद रोहताश वर्मा तथा प्रधान विनोद कुमार सैनी ने सहयोग के लिए गोबिंद कांडा और अन्य अतिथियों का आभार जताया। विनोद सैनी ने कहा कि पूर्व मंत्री गोपाल कांडा का परिवार हमेशा से श्री लक्ष्मण कला केंद्र का सहयोग करता आया है, जिसके लिए पूरा केंद्र उनका आभारी है।
उधर, ट्रेड टावर मार्केट स्थित सियाराम चैरिटेबल ट्रस्ट की रामलीला के शुभारंभ अवसर पर भी गोबिंद कांडा ने आयोजकों और कलाकारों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों के माध्यम से समाज में भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों और धार्मिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखने का महत्वपूर्ण कार्य किया जाता है। रामलीला का संदेश हर पीढ़ी तक पहुंचना चाहिए, ताकि भगवान श्रीराम के आदर्श समाज को सदैव दिशा देते रहें।
इस अवसर पर अशोक पटेल सैनी, रोहतास योगी, शंकर लाल सैनी, अश्वनी सैनी, धीरज धीरू रोहिल्ला, टोनी कटारिया,रोहताश वर्मा, मनजीत वर्मा, विजय सैनी तंवर,सुनील चौधरी,इन्द्रोश गुज्जार, लक्ष्मण राम, मोती सैनी, नरेंद्र कटारिया, सोनू डुमरा, श्याम लाल शर्मा, विजय यादव, मोहित जोशी, सिया राम चेरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान राजेंद्र सिंह पप्पू रांझा, राजन शर्मा पार्षद, कुलवंत तनेजा, रोशन लाल फुटेला, अजय एलावादी, रोहताश वर्मा, रोहित सेठी, राहुल शर्मा, कमल लढ़ा सहित ट्रस्ट के सदस्य और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
