SIRSA में बिजली की लगातार आंख मिचौली और लो वोल्टेज की समस्या से आमजन बुरी तरह परेशान
mahendra india news, new delhi
HARYANA प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि राजकुमार शर्मा ने कहा कि शहर में इन दिनों बिजली की लगातार आंख मिचौली और लो वोल्टेज की समस्या से आमजन बुरी तरह परेशान हैं। गर्मी के इस मौसम में जहां लोगों को निर्बाध बिजली आपूर्ति की आवश्यकता है, वहीं बिजली कटौती और वोल्टेज की अनियमितता ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।
जारी बयान में शर्मा ने कहा कि कई बार दिन में बार-बार बिजली गुल हो जाती है, जिससे घरेलू कामकाज और व्यवसाय दोनों पर असर पड़ रहा है। इस बीच जल आपूर्ति व्यवस्था भी चरमराई हुई है। स्थिति यह है कि जब पानी सप्लाई का समय होता है, उस समय बिजली कट हो जाती है और जब बिजली आती है, तब पानी की सप्लाई बंद रहती है। दोनों विभागों के बीच तालमेल का खामियाजा लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
लोगों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से पानी लाना पड़ रहा है या फिर टैंकर मंगवाने पड़ रहे हैं, जिससे आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है। राजकुमार शर्मा ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं को लेकर गंभीर नहीं है और अधिकारी मनमाने ढंग से कार्य कर रहे हैं, उनकी कोई जवाबदेही तय नहीं की जा रही। शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द बिजली पानी समस्या का समाधान ना हुआ तो पार्टी कार्यकर्ता प्रदर्शन करने के लिए मजबूर हो जाएंगे।
