सिरसावासियों ने जमकर की मस्ती, अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन द्वारा आयोजित डांडिया उत्सव में उमड़ा जनसैलाब
mahendra india news, new delhi
अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन के तत्वावधान में आयोजित 'डांडिया नाइट' कार्यक्रम में सिरसावासियों का उत्साह और उल्लास चरम पर देखने को मिला। नवरात्र के पावन अवसर पर आयोजित इस भव्य समारोह में शहर के अग्र बंधुओं और आम नागरिकों ने डांडिया और गरबा की थाप पर जमकर मस्ती की। प्रधान गौरव गोयल ने बताया कि कार्यक्रम में भाजपा नेता मनीष सिंगला, प्रदीप रातुसरिया, नवीन केडिया ने उपस्थिति दर्ज करवाई।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरूआत महाराजा अग्रसेन जी और माता दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और महाआरती के साथ हुई। मुख्य अतिथि मनीष सिंगला ने अपने संबोधन में कहा कि इस तरह के आयोजनों से समाज में एकता, आपसी भाईचारा और सांस्कृतिक समृद्धि को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने आगे कहा कि आज के आधुनिक दौर में जहां लोग अपनी जड़ों से दूर होते जा रहे हैं, ऐसे आयोजन हमें अपनी संस्कृति से जोड़े रखने और आपसी संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। निशुराज रिसॉर्ट में हुए भव्य डांडिया कार्यक्रम में आसमान से ड्रोन द्वारा फूलों की बरसात की गई। इस शाम को और खास बनाने के लिए गुजरात की प्रोफेशनल डांडिया टीम और मशहूर सिंगर पलक ओबेरॉय ने अपनी लाइव परफॉर्मेंस से समां बांध दिया। समारोह में रंग-बिरंगी पारंपरिक पोशाकों में सजे युवाओं, महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक गुजराती और बॉलीवुड गीतों पर एक से बढ़कर एक डांडिया स्टेप्स प्रस्तुत किए।
पूरे आयोजन स्थल पर उल्लास और उमंग का माहौल बना रहा। मुख्यातिथियों ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी इस तरह के मेल-जोल बढ़ाने वाले कार्यक्रम आयोजित करने के लिए प्रेरित किया। दिल्ली से आई डीजे शीना ने समा बांध दिया। लोग देर रात तक डीजे की थाप पर झूमते रहे। दिल्ली से आई ऐंकर यामशा परवन और हर्ष ने स्टेज से श्रोताओं को बांधे रखा। हर तरीके की बढ़िया व्यवस्था और स्वादिष्ट व्यंजनों ने व्यवस्था में चार चांद लगा दिए। कार्यक्रम के अंत में सर्वश्रेष्ठ पोशाक और सर्वश्रेष्ठ डांडिया डांस करने वाले प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कारों से नवाजा गया। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा मुख्यातिथियों को भी स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। सम्मेलन के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी सिरसावासियों का आभार व्यक्त किया।
