सफाई कर्मचारियों की मांगों को लेकर सर्व कर्मचारी संघ ने सौंपा ज्ञापन, सरकार तक मांगें पहुंचाने के लिए DC को पत्र
MAHENDRA INDIA NEWS. NEW DELHI
सिरसा। हरियाणा में चल रही सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के बीच सर्व कर्मचारी संघ द्वारा सफाई कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में पालिका, परिषद, नगर निगम एवं अग्निशमन विभाग के कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, सफाई एवं सीवर कार्य से ठेका प्रथा समाप्त करने, सफाई एवं सीवर कर्मचारियों की पक्की भर्ती करने सहित अन्य न्यायोचित मांगों को सरकार के समक्ष उठाने का आग्रह किया गया।
सफाई कर्मचारियों की मांगों एवं वर्तमान परिस्थितियों को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद सिरसा के प्रधान ने तुरंत उपायुक्त महोदय, सिरसा को पत्र लिखकर पूरे विषय से अवगत करवाया। पत्र के माध्यम से कर्मचारियों की मांगों को जनहित एवं शहर की सफाई व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए हरियाणा सरकार तक पहुंचाने तथा उचित समाधान करवाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया गया।
इस अवसर पर कहा गया कि सफाई कर्मचारी शहर की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। हड़ताल के कारण आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए कर्मचारियों की जायज मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए जल्द समाधान होना आवश्यक है।
नगर परिषद की ओर से उम्मीद जताई गई कि हरियाणा सरकार कर्मचारियों की मांगों एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए उचित निर्णय लेकर समस्या का समाधान करेगी, ताकि सफाई व्यवस्था सुचारु हो सके और कर्मचारी भी सम्मानपूर्वक अपने कार्य पर लौट सकें।
