home page

CDLU SIRSA में साइंस कॉन्क्लेव ‘उड़ान 2025’ का हुआ आगाज

 | 
Science Conclave 'Udaan 2025' inaugurated at CDLU SIRSA

 mahendra india news, new delhi
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में शुक्रवार को दो दिवसीय साइंस कॉन्क्लेव ‘उड़ान 2025’ का आगाज हुआ । रेवाड़ी के बावल सीट से विधायक डॉ. कृष्ण कुमार ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। विशिष्ट अतिथि के रूप में पंजाब कृषि विश्वविद्यालय, लुधियाना के प्रिंसिपल साइंटिस्ट, डॉ. राकेश शारदा, पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से पर्यावरण विज्ञान विभाग की प्रोफेसर सुमन मोर, इसरो से डॉ अनिल माथुर, सिरसा के उपायुक्त  शंतनु शर्मा , सिरसा के पुलिस अधीक्षक, दीपक सहारण ने शिरकत की। मुख्य वक्ता के रूप में एनआईटी कुरुक्षेत्र के पूर्व डीन एकेडमिक डॉ एस.के. चक्रवर्ती ने शिरकत की, जबकि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ।


मुख्य अतिथि डॉ. कृष्ण कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि वैज्ञानिक, अध्यापक या विद्यार्थी की शिक्षा तभी सार्थक होती है जब उसका जुड़ाव समाज से हो। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के छोटे-छोटे प्रयोग भविष्य के समाज के लिए उपयोगी सिद्ध हो सकते हैं। इस दौरान उन्होंने युवाओं को नवाचार और शोध की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. कृष्ण कुमार ने कहा कि मनुष्य एक तर्कशील प्राणी है और उसके चार वर्ग होते हैं; आशावादी, निराशावादी, भाग्यवादी और यथार्थवादी। उन्होंने न्यूटन के नियमों का उदाहरण देते हुए कहा कि आवश्यकता ही आविष्कार की जननी है और विज्ञान का उद्देश्य समाज की आवश्यकताओं को सृजनात्मक रूप से पूरा करना है।

उन्होंने न्यूटन की भौतिकी की पुस्तक के अनुभव साझा करते हुए कहा कि आज की डिजिटल लाइफ ने जीवन के हर क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन किए हैं। उन्होंने कहा कि यह संगोष्ठी अत्यंत सार्थक है, जो युवाओं को विचारशीलता, नवाचार और जिम्मेदारी के साथ समाज हित में कार्य करने की प्रेरणा देती है। विद्यार्थियों का जीवन राष्ट्र को सशक्त करने वाला है, और विज्ञान के माध्यम से भारत को विकसित भारत 2047 के लक्ष्य तक पहुंचाने का यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने सभी उपस्थित लोगों से आह्वान किया कि वे विज्ञान के माध्यम से भारत को सशक्त करने का संकल्प लें।

WhatsApp Group Join Now


अध्यक्षीय संबोधन में कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कहा कि यह विज्ञान संगोष्ठी सभी के सपनों को “उड़ान” देने वाली है। यह न केवल विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी, बल्कि उन्हें साकार करने की दिशा भी दिखाएगी। उन्होंने कहा कि यह आयोजन भविष्य के वैज्ञानिकों को तैयार करने, नवाचार को बढ़ावा देने और भारत को विश्व स्तर पर अग्रणी बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है।


उन्होंने कहा कि हम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपना परचम लहराने के लिए प्रतिबद्ध हैं, और यह वैज्ञानिक यात्रा हमें ब्रह्मांड के नए दर्शन करने का अवसर देगी। कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने ‘उड़ान 2025’ के उद्देश्य को स्पष्ट करते हुए कहा कि ‘उड़ान’ बच्चों के वर्तमान प्रयासों से उनके उज्ज्वल भविष्य की ओर ले जाने वाला मंच है। उन्होंने बताया कि सीडीएलयू का लक्ष्य ऐसे मंचों के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रयोगात्मक विज्ञान, प्रौद्योगिकी और अनुसंधान से जोड़ना है।  


मुख्य वक्ता के रूप में एनआईटी कुरुक्षेत्र के पूर्व डीन ऐकडेमिक डॉ एस.के. चक्रवर्ती ने अपने प्रस्तुतीकरण में ‘नैनो टेक्नोलॉजी’ विषय पर विद्यार्थियों को विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कई बार कोई छोटी चीज भी महत्त्वपूर्ण संदेश दे जाती है। उन्होंने बताया कि नैनो टेक्नोलॉजी वह विज्ञान है जो पदार्थ के अति सूक्ष्म स्तर एक नैनोमीटर पर होने वाले परिवर्तनों का अध्ययन करता है। उन्होंने युवाओं से इस उभरती तकनीक में अनुसंधान की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया और कहा कि भविष्य उन्हीं का है जो सूक्ष्म चीज़ों में बड़ा दृष्टिकोण खोज लेते हैं।


आयोजन समिति की संयोजक डॉ. मंजू नेहरा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए बताया कि यह कॉन्क्लेव हरियाणा स्टेट काउंसिल ऑफ साइंस इनोवेशन एंड टेक्नोलॉजी द्वारा प्रायोजित है। उन्होंने विज्ञान संगोष्ठी की रूपरेखा प्रस्तुत की और बताया कि कॉन्क्लेव का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार की भावना और शोध की रुचि को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के अंतर्गत स्कूल, स्नातक तथा स्नातकोत्तर स्तर के विद्यार्थियों के लिए निबंध लेखन, साइंस क्विज़, मॉडल प्रदर्शनी जैसे विभिन्न प्रतिस्पर्धात्मक कार्यक्रम आयोजित किए गए। विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ सुनील कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के डीन, डायरेक्टर, प्राध्यापक, स्कूलों के प्रिंसिपल सहित शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।