SIRSA में सीबीएसई परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू, फोटोस्टेट की दुकानें रहेंगी बंद
Mahendra india news, new delhi
सीबीएसई की माध्यमिक और वरिष्ठ माध्यमिक परीक्षाओं के सुचारू रूप से संचालन के लिए जिलाधीश शांतनु शर्मा ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 के तहत आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार, 11 अप्रैल 2026 तक सिरसा जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में किसी भी प्रकार का हथियार लेकर चलने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
परीक्षा केंद्रों में बिना सक्षम प्राधिकारी द्वारा विधिवत हस्ताक्षरित पहचान पत्र के किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूर्णत: वर्जित रहेगा। केवल वैध पहचान पत्र धारक परीक्षार्थी एवं अधिकृत कर्मचारी ही परीक्षा केंद्र में प्रवेश कर सकेंगे। इसके अलावा परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के आसपास स्थित सभी फोटोस्टेट (फोटोकॉपी) मशीन की दुकानें तथा कोचिंग सेंटर के संचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा। इस आदेश का उल्लंघन करने पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। ये आदेश पुलिस, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों और परीक्षार्थियों पर लागू नहीं होंगे।
इन परीक्षा केंद्रों पर होगी परीक्षा
जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों में महाराजा अग्रसेन गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल (बरनाला रोड), शाह सतनाम जी गर्ल्स स्कूल, जीआरजी नेशनल गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल, चिल्ड्रन मेमोरियल डीएवी पब्लिक स्कूल, एवी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल, द सिरसा स्कूल (बरनाला रोड), सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा पीएम श्री केवी नंबर-1, सिरसा में परीक्षाएं आयोजित की जा रही है।
इसी प्रकार ऐलनाबाद स्थित सतलुज पब्लिक स्कूल एवं सीआर डीएवी पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल को भी परीक्षा केंद्र बनाया गया है। मंडी डबवाली के सरस्वती विद्या मंदिर तथा सतलुज पब्लिक स्कूल, डबवाली में भी परीक्षाएं आयोजित की जा रही है। कालांवाली के माता पुन्ना देवी डीएवी पब्लिक स्कूल (देसू रोड) को भी परीक्षा केंद्र घोषित किया गया है। इसके अतिरिक्त रानियां के द जीनियस स्कूल, वीएन सीनियर सेकेंडरी स्कूल तथा द गुरुकुल स्कूल में भी परीक्षा का आयोजन किया जा रहा है। ओढां के एमएचडी पब्लिक स्कूल तथा पंजुआना स्थित राजेंद्र पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल को भी परीक्षा केंद्रों की सूची में शामिल किया गया है।
