home page

SIRSA सेक्टर-19 व 20 में पेयजल व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

 | 
Serious questions raised regarding the drinking water supply system in Sirsa's Sectors 19 and 20

Mahendra india news, new delhi

SIRSA  हुडा सेक्टर-19 और सेक्टर-20 में पेयजल व्यवस्था को लेकर निवासियों की परेशानी लगातार बढ़ रही है। कभी पानी में मिट्टी और गंदगी आने तो कभी कीड़े दिखाई देने की शिकायतें सामने आ रही हैं। सेक्टरवासियों ने हुडा विभाग को बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। लोगों का आरोप है कि एक ओर उन्हें पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल रहा, दूसरी ओर सप्लाई होने वाले पानी की गुणवत्ता भी संतोषजनक नहीं है। शिकायत के बाद कुछ समय के लिए व्यवस्था में सुधार होता है और बाद में शिकायत को बंद कर दिया जाता है।

SIRSA सेक्टर-19 के रेजिडेंट वेल्फेयर एसोसिएशन के प्रधान राम ङ्क्षसह बैनीवाल, रणजीत सिंह फग्गू, वरिष्ठ पत्रकार सुरेंद्र भाटिया, राम स्वरुप मेहता, डॉ. इंद्र कुमार, तेजेंद्र लोहिया ने बताया कि सेक्टर-19 में स्थापित वाटर वर्कर्स के टैंकों में पर्याप्त पानी उपलब्ध नहीं रहता। सेक्टरवासियों ने आरोप लगाया कि नहर में पानी चलने के बावजूद टैंक लगभग खाली पड़े रहते हैं। पानी की कमी पूरी करने के लिए एक ट्यूबवेल का पानी वाटर वर्कस में डाला जा रहा है तथा एक और ट्यूबवेल लगाने की तैयारी है। जब सेक्टरों के लिए पेयजल ढांचा विकसित किया गया है तो नहरी पानी का पर्याप्त भंडारण और शोधन कर नियमित सप्लाई क्यों नहीं की जा रही। सेक्टरवासियों का कहना है कि पहले सुबह और शाम, दोनों समय मिलाकर करीब तीन घंटे तक पानी मिलता था। बाद में सप्लाई घटाकर दिन में एक बार करीब दो घंटे कर दी गई और अब स्थिति यह है कि करीब एक घंटे ही पानी दिया जा रहा है।

लोगों का आरोप है कि इस एक घंटे में भी कई घरों तक पर्याप्त दबाव से पानी नहीं पहुंच पाता। पेयजल की गुणवत्ता को लेकर सबसे गंभीर सवाल क्लोरीनेशन और जल शोधन व्यवस्था पर उठ रहे हैं। सेक्टरवासियों का कहना है कि वाटर वर्कर्स में पानी के शोधन और निगरानी के लिए लगाए गए ऑटोमेटिक सेंसर ठीक प्रकार से काम नहीं कर रहे। लोगों का आरोप है कि पानी में क्लोरीन की मात्रा भी नियमित नहीं रखी जा रही। कभी कम, कभी ज्यादा और कभी बिना पर्याप्त क्लोरीनेशन के ही पानी सप्लाई कर दिया जाता है। यदि सेंसर वास्तव में खराब हैं तो यह जांच का विषय है कि पानी की गुणवत्ता, क्लोरीन की मात्रा और शोधन प्रक्रिया की निगरानी किस व्यवस्था से की जा रही है। सेक्टर-19 रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राम सिंह बेनीवाल ने प्रदेश के मुख्यमंत्री तथा सिरसा की सांसद कुमारी सैलजा को पत्र भेजकर पेयजल समस्या के तत्काल समाधान की मांग की है।

WhatsApp Group Join Now