अखिल भारतीय सेवा संघ का सेवा कार्य एक दायित्व: डा. इंदर गोयल
mahendra india news, new delhi
अखिल भारतीय सेवा संघ, शाखा सिरसा द्वारा रविवार को कुष्ठ आश्रम एवं पीर बस्ती में भीषण ठंड को देखते हुए जरूरतमंद महिला व पुरुषों को गर्म कंबल, शॉल, राशन सामग्री, फल एवं मिठाई का वितरण किया गया। कुष्ठ आश्रम में निवास कर रहे विशेष जरूरतमंद लोग इस ठिठुरती ठंड में समाज व संस्थाओं के सहयोग की अपेक्षा रखते हैं। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए अखिल भारतीय सेवा संघ के पदाधिकारियों ने यह सेवा कार्य पूरी ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं विधिवत रूप से संपन्न किया।
इस अवसर पर डा. इंद्र गोयल ने कहा कि जब हम किसी जरूरतमंद की सेवा करके संतोष अनुभव करते हैं, तो समझना चाहिए कि यह सेवा परमात्मा की इच्छा से ही संपन्न हुई है। ऐसी सेवा का फल यही होता है कि हमें आगे भी सेवा के नए अवसर प्राप्त होते हैं और सेवा कार्य एक दायित्व है, कोई अहसान नहीं।
संस्था के अध्यक्ष सूरज बंसल ने सेवा कार्य में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यों के माध्यम से संगठन समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करता है। वहीं राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रमोद सचदेवा ने अपनी ओर से कंबल एवं शॉल प्रदान करते हुए कहा कि यह कार्य उन्होंने समाज के प्रति अपने दायित्व को समझते हुए किया है। इस सेवा कार्य में आकाश सेन, सचिव अशोक चाचान, निलेश बंसल, मदन लूथरा तथा अशोक अरोड़ा की सक्रिय सहभागिता रही। पीर बस्ती में सेवा कार्य के लिए अह्म भूमिका संतोष रानी, जसवीर कौर और प्रेमलता ने अहम भूमिका निभाई।
