स्टेट वालीबॉल में शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल का दबदबा, SIRSA के खाते में ट्रिपल गोल्ड
mahendra india news, new delhi
कुरुक्षेत्र में आयोजित हुई 59वीं हरियाणा स्कूल स्टेट वालीबॉल प्रतियोगिता में सिरसा की टीमों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 तीनों आयु वर्गों में स्वर्ण पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में सिरसा की तीनों टीमों का दबदबा इस कदर रहा कि पूरे टूर्नामेंट में टीम ने एक भी सेट नहीं गंवाया। सभी मुकाबले 2-0 से जीतकर सिरसा ने तीनों वर्गों में अजेय चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। खास बात यह रही कि जिले की तीनों विजेता टीमों में शाह सतनाम जी बॉयज स्कूल के 19 खिलाड़ियों ने दमदार प्रदर्शन करते हुए टीम की जीत में अहम योगदान दिया। फाइनल मुकाबलों में अंडर-14 वर्ग में सिरसा ने भिवानी को 25-14, 25-19, अंडर-17 में कैथल को 25-19, 25-15 तथा अंडर-19 में जींद को 25-14, 25-21 से हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
- मैदान पर दिखा खिलाड़ियों का शानदार तालमेल
पूरी प्रतियोगिता के दौरान सिरसा के खिलाड़ियों ने बेहतरीन तकनीक, अनुशासन और टीमवर्क का परिचय दिया। तीनों आयु वर्गों में विरोधी टीमों को कोई सेट जीतने का मौका नहीं मिला। खिलाड़ियों के इस शानदार प्रदर्शन पर शाह सतनाम जी शिक्षण संस्थान के प्रशासक चरणजीत सिंह इन्सां, स्पोर्ट्स हेड कोच नवजीत सिंह भूल्लर, प्रबंधन समिति सदस्य रिटायर्ड कर्नल नरेंद्र पाल सिंह तूर, जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष कुमार फुटेला,
एईओ केवल कंबोज, एईईओ हरबंस सिंह सहित स्कूल प्रबंधन ने टीमों को बधाई दी। स्कूल के प्रधानाचार्य राकेश धवन इन्सां, शारीरिक शिक्षा प्रवक्ता दयाराम, टीम इंचार्ज अनिल कड़वासरा, मंगत कड़वासरा और कोच अमित बुल्ला ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। विजेता खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां के पावन आशीर्वाद और खेल को लेकर समय-समय पर बताए गए मार्गदर्शन को दिया।
