हरियाणा में पुलिस मुठभेड़ में शार्प शूटर शुभम ढेर, बाप बेटे की हत्या मामले में था वांछित
हरियाणा की बड़ी खबरों में सोनीपत जिले से हैं। पुलिस ने वांछित कुख्यात शार्प शूटर शुभम की मुठभेड़ में रविवार सुबह को मौत हो गई। जानकारी के अनुसार खरखोदा क्षेत्र में 24 अक्टूबर को गोपालपुर के निवासी बाप-बेटे धर्मवीर और मोहित की हत्या के मामले में वांछित कुख्यात शार्प शूटर शुभम को पुलिस ने मुठभेड़ में ढेर कर दिया।
बताया जा रहा है कि यह घटना मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे पर हुई, जहां सोनीपत एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर-7 और सीआईए-1 की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की। बाप बेटे की हत्या की जांच के दौरान एंटी गैंगस्टर यूनिट सेक्टर-7 और सीआईए-1 को शुभम के छिपने की सूचना मिली। इसके बाद जब पुलिस ने उसे घेरा, तो शुभम ने जवाबी फायरिंग की। इस पुलिस मुठभेड़ में शुभम को गोली लगी और वह मौके पर ही ढेर हो गया। उसका एक साथी बाइक पर सवार होकर फरार होने में कामयाब हो गया।
इस पुलिस मुठभेड़ स्थल पर सोनीपत पुलिस के आला अधिकारी पहुंचे और जांच शुरू की। शुभम का शव खानपुर पीजीआई में पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार शुभम पर दर्जनों संगीन आपराधिक वारदातों के आरोप थे, इनमें हत्या, गोलीबारी और गैंगवार शामिल हैं। वह लंबे समय से फरार था और इस हत्याकांड के बाद से पुलिस की नजरों में था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
