भगवान श्री राम के कार्य सिद्ध करने वाले श्री बाला जी साक्षात रुद्रावतार और संकट मोचन हैं : अमित सैनी
mahendra india news, new delhi
सिरसा । वार्ड नंबर 14 मेला ग्राउंड स्थित गली नंबर 2 कालरा स्वीट्स सतनाम चौक के समीप श्री जयवीर हनुमान समिति की ओर से 27 वां विशाल श्री बाला जी का जागरण आयोजित किया गया। जिसमे बतौर मुख्य अतिथि युवा समाजसेवी अमित सैनी ने ज्योति प्रज्जवलित कर पूजन अर्चना करते हुए सभी की सुख शांति एवं समृद्धि के लिए कामना की। युवा समाजसेवी अमित सैनी ने उपस्थित श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि श्री राम भक्त श्री हनुमान जी आदर्श सेवक और परम् भक्त थे। उनके चरित्र से बलवान और आज्ञाकारी बनने की प्रेरणा मिलती है।
उन्होंने कहा कि कलयुग में श्री बाला जी की उपासना सबसे उत्तम फल प्रदान करने वाली है। वे शीघ्र प्रसन्न होने वाले देव हैं। भगवान श्री राम के कार्य सिद्ध करने वाले श्री बाला जी साक्षात रुद्रावतार और संकट मोचन हैं। केसरी नंदन हनुमान जी अतुलित बल के प्रतीक हैं। उनका बल दूसरों के कार्यों को सिद्ध करने और दुखों को दूर करने में खर्च होता है।उन्होंने कहा कि यदि सच्चे मन से महाबली पवन पुत्र की आराधना की जाए तो वह अपने भक्त का हर मनोरथ पूर्ण कर देते हैं। राम भक्त श्री हनुमान जी अपने भक्तों की पीड़ा हरने वाले तथा श्री रामायण रूपी महामाला के महारत्न के रूप में माने जाते हैं। सेवक होने के साथ-साथ हनुमान जी प्रभु श्री राम व माता जानकी के सुत भी कहलाएं। हनुमान जी का चरित्र एक जीवन दर्शन है जिसका चिंतन, मनन, श्रवण करने से लोक-परलोक सुधर जाता है। उनकी उपासना जीवन में सफलता प्राप्त करने के लिए कुंजी है। सैनी ने कहा कि धार्मिक आयोजन समाज में एकजूटता और भाईचारा लाने में भी अहम् भूमिका निभाते हैं।
श्री बाला जी आप सबकी मनोकामना पूर्ण करे और युवा वर्ग इसी प्रकार धार्मिक तथा सामाजिक कार्यों में शिरकत कर एक समूह संपन्न और शिक्षित भारत के निर्माण में अपना योगदान देता रहे। ऐसे पावन मौके हम सभी को एक-दूसरे से जोड़ते हैं। सैनी ने आयोजकों द्वारा बनाए गए भव्य पंडाल और प्रबंधों की मुक्त कंठ से प्रशंसा की। इस अवसर पर भजन गायक चिरंजीव कुमार, चमन राठौर म्यूजिकल ग्रुप, संजू शर्मा, मुकेश आहूजा और श्री राम भजन मंडल सेवा समिति ने अनेक सुंदर भजन गाकर श्रद्धालुओं को झूमने पर विवश कर दिया। देव मीनू आर्ट ग्रुप द्वारा झांकियां प्रस्तुत की गई।
आयोजकों ने मुख्यातिथि युवा समाजसेवी अमित सैनी व अन्य अतिथि को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। आयोजकों ने अमित सैनी की ओर से 21 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग देने पर आभार जताया।इस अवसर पर नरेश सैनी लाला, पुष्कर निर्वाण, ऋतिक राय, चिराग स्वामी, सुरेश वर्मा प्रधान, गोबिंद वर्मा, सन्नी कुमार, पवन वर्मा सहित अनेक भक्त मौजूद थे। अंत में सभी श्रद्धालुओं को श्री बालाजी का प्रसाद प्रदान किया गया।
