डांडिया की धुन पर थिरका सिरसा शहर, सिरसा में डांडिया उत्सव धूमधाम से सम्पन्न
mahendra india news, new delhi
सिरसा। नवरात्रि के पावन अवसर पर निशुराज रिसोर्ट में आयोजित डांडिया उत्सव-2025 ने सिरसा शहर को झूमने पर मजबूर कर दिया। कैमसोल द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शहरवासियों ने पारम्परिक परिधानों में सज-धजकर गरबा और डांडिया की मनमोहक धुनों पर जमकर थिरकते हुए उत्सव का आनंद लिया।
उत्सव में हजारों लोगों ने भाग लेकर एकता, आनंद और सांस्कृतिक विरासत का अद्भुत प्रदर्शन किया। कार्यक्रम का शुभारम्भ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ, जिसके बाद रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने माहौल को और भी जीवंत बना दिया। कार्यक्रम में बेस्ट डांसर, बेस्ट ड्रेस और बेस्ट कपल जैसी प्रतियोगिताएं मुख्य आकर्षण का केंद्र रहीं।
जहां उत्सव स्थल पर रोशनी, संगीत और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला, वहीं प्रतिभागियों ने इस आयोजन की भरपूर सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के सांस्कृतिक आयोजन समाज से जोडऩे व परम्पराओं को जीवित रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम में स्वादिष्ट व्यंजन, शॉपिंग स्टॉल और बच्चों के लिए मनोरंजन जोन भी आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में पहुंचे लोगों ने जमकर मस्ती की। आयोजक मंडल ने सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों व प्रायोजकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सिरसा वासी हर साल इस तरह के सांस्कृतिक आयोजनों को और भी भव्यता से मनाएंगे।
