SIRSA शहीद भगत सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगितायों में सैकड़ों खिलाड़ी दिखा रहे दमखम
Mahendra india news, new delhi
शिक्षा विभाग के तत्वावधान में स्थानीय शहीद भगत सिंह स्टेडियम में जिला स्तरीय विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिताओं में जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों के 14 से 19 वर्ष आयु वर्ग के सैकड़ों छात्र-छात्राएं अपना दमखम दिखा रहे हैं। ये प्रतियोगिताएं 20 अगस्त तक चलेगी।
जिला शिक्षा अधिकारी सुभाष फुटेला ने बताया कि प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में खेल भावना, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास करना है। साथ ही राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के लिए जिले की उत्कृष्ट खेल प्रतिभाओं का चयन भी किया जा रहा है। खिलाड़ियों में प्रतियोगिताओं को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। उन्होंने बताया कि जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में बैडमिंटन, जिम्नास्टिक, फेंसिंग, टेनिस, सॉफ्टबॉल, तीरंदाजी, टेबल टेनिस, हॉकी, नेटबॉल, शतरंज, स्केटिंग, कराटे, भारोत्तोलन, क्रिकेट, एथलेटिक्स, बेसबॉल, जूडो, वॉलीबॉल, हैंडबॉल, बास्केटबॉल, साइक्लिंग, तैराकी, योग, कुश्ती, मुक्केबाजी, शूटिंग, कबड्डी, खो-खो, ताइक्वांडो, फुटबॉल तथा वुशु सहित कुल 32 खेलों का आयोजन किया जा रहा है।
नशामुक्ति का भी दिया जा रहा संदेश
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने खिलाड़ियों से आह्वान किया कि वे नशे से दूर रहकर खेलों को अपने जीवन का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि नशा युवा शक्ति और खेल प्रतिभा को कमजोर कर देता है तथा व्यक्ति की शारीरिक एवं मानसिक क्षमता को प्रभावित करता है। खेलों में सफलता प्राप्त करने के लिए अनुशासन, कठोर परिश्रम और स्वस्थ जीवनशैली अत्यंत आवश्यक है। प्रतियोगिताओं के सफल संचालन के लिए एईईओ हरवंश, डीपीई विकास खांडी, DPE रामेश्वर कुमार, डीपीई रामवीर गोदारा, डीपीई विनोद कुमार तथा पीटीआई सुरेन्द्र कुमार भूमिका निभा रहे हैं।
शिक्षा विभाग की ओर से एईईओ हरवंश ने कहा कि खेल बच्चों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। खेल न केवल शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होते हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना भी विकसित करते हैं। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को निष्पक्ष खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए शुभकामनाएं दीं। जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय विद्यालय क्रीड़ा प्रतियोगिताओं के लिए किया जाएगा।
