SIRSA अग्रवाल कॉलोनी के बाशिंदों ने जल संकट को लेकर डीसी को सौंपा ज्ञापन
Mahendra india news, new delhi
सिरसा। अग्रवाल कॉलोनी, सिरसा में गर्मी के मौसम में अनियमित जल आपूर्ति के विरोध में यहां के बाशिंदों ने जिला उपायुक्त को ज्ञापन सौंपा। उपायुक्त को ज्ञापन सौंपने आए भूपेंद्र गोदारा, शिवराज सिंह, पुनीत कुमार, प्रवीण कुमार, हरदेव सिंह, रामस्वरूप, युधिष्ठिर बैनीवाल, सुंदर सिंह, सरोज, सीमारानी, पल्लवी, सुनीता पारीक, सर्वजीत कौर, चरणजीत कौर सहित अन्य निवासियों ने बताया कि गर्मी के मौसम में पिछले 3 से 4 महीनों से वे गंभीर जल संकट की मार झेल रहे हैं।
उन्होंने बताया कि गर्मियों के मौसम में पानी के बिना गुजारा नहीं चल सकता। कॉलोनी में जलापूर्ति की स्थिति उचित नहीं होने के कारण लोगों को भंयकर मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पानी की आपूर्ति के लिए कोई निश्चित समय-सारणी नहीं है। कुछ दिन सप्लाई रात 9:00 या 10:00 बजे आती है, जबकि अन्य दिनों में सुबह जल्दी बिना किसी सूचना के सप्लाई आ जाती है। लोगों ने बताया कि प्रेशर कम होने के कारण कुछेक घरों में सप्लाई मिलती है, जबकि बाकि घरों में पूर्णतया सप्लाई नहीं पहुंच पाती, जिसके कारण मजबूरन लोगों को महंंगे रेटों पर टेंकरों का सहारा लेना पड़ता है।
उन्होंने बताया कि पिछले 4-5 सालों से खासकर गर्मियों के मौसम में हर बार लोगों को इस समस्या से गुजरना पड़ता है। कॉलोनीवासियों ने जिला उपायुक्त से गुहार लगाई कि पाइप लाइन की स्थिति को दुरुस्त करवाकर सुचारू रूप से कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि गर्मी के मौसम में लोगों को पानी के लिए भटकना न पड़े।
