SIRSA में पेयजल व सीवरेज कनेक्शनों को नियमित करवाने के लिए दी जा रही विशेष छूट
Mahendra india news, new delhi
जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग सिरसा के एसडीओ दीपक कुमार ने बताया कि हरियाणा सरकार द्वारा शहरी क्षेत्रों में पीने के पानी एवं सीवरेज कनेक्शनों को नियमित करवाने के लिए विशेष छूट दी जा रही है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की है कि जिन उपभोक्ताओं के पानी या सीवरेज कनेक्शन अभी तक नहीं लगे हैं अथवा अवैध रूप से चल रहे हैं, वे तुरंत विभाग से संपर्क कर अपने कनेक्शन नियमित करवाएं। उन्होंने बताया कि वर्तमान में रोड़ कट चार्ज पर भी विशेष छूट दी जा रही है।
यदि उपभोक्ता इस अवसर का लाभ नहीं उठाते हैं तो भविष्य में रोड कट चार्ज लगभग 8 हजार से 10 हजार या नियमानुसार निर्धारित राशि तक देना पड़ सकता है। इसलिए समय रहते अपने कनेक्शन वैध करवा लेना सभी के हित में है। दीपक कुमार ने कहा कि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग द्वारा शीघ्र ही जिले में शहरी क्षेत्रों में अवैध पानी एवं सीवरेज कनेक्शनों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान अवैध कनेक्शनों की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से आग्रह किया है कि वे सरकारी योजना का लाभ उठाते हुए अपने सभी पानी एवं सीवरेज कनेक्शन नियमों के अनुसार नियमित करवाएं तथा विभाग को स्वच्छ एवं बेहतर पेयजल एवं सीवरेज सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग दें। बता दें कि पिछले माह भी विभाग की टीमों ने शहर व ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध कनेक्शनों के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान अवैध कनेक्शनों को काटने की कार्रवाई अमल में लाई गई। जिन लोगों के अवैध कनेक्शन पाए गए उन्हें विभाग की तरफ से नोटिस दिए गए हैं। अब भी अवैध कनेक्शनों के खिलाफ विभाग द्वारा अभियान चलाया जाएगा। जो भी कनेक्शन अवैध पाए जाएंगे, उन्हें काटने की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। अवैध कनेक्शनों को वैध करवाने के लिए विभाग के पास नागरिक पहुंचने लगे हैं, ताकि विभागीय कार्रवाई से बचा जा सके।
