home page

रक्षाबंधन पर महिला सुरक्षा पर रहेगी खास नजर, भीड़ भाड़ वाले बाजारों में दुपहिया वाहनों पर रहेगी रोक :- SIRSA एसपी

 | 
news

Mahendra india news, new delhi
रक्षाबंधन पर्व को लेकर सिरसा पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर पूरी तरह से अलर्ट । रक्षाबंधन के पर्व पर बाजारों में खरीदारी के लिए उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए पुलिस ने प्रमुख बाजारों, व्यापारिक क्षेत्रों, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, चौराहों और मुख्य मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है।

पुलिस का फोकस भीड़ को नियंत्रित करने के साथ महिलाओं की सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने पर रहेगा।पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन ने सभी थाना और पुलिस चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा और पुलिस कर्मचारी लगातार गश्त करेंगे। बाजारों में महिला सुरक्षा को लेकर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। सादे कपड़ों में महिला पुलिसकर्मी और विशेष गश्ती दल मनचलों तथा असामाजिक तत्वों पर नजर रखेंगे।


बाजारों में वाहनों की आवाजाही पर रहेगी नजर

रक्षाबंधन पर बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने भी कमर कस ली है। प्रमुख बाजारों और चौराहों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती रहेगी। जरूरत पड़ने पर यातायात को सुचारू रखने के लिए रूट में बदलाव या डायवर्जन भी किया जा सकता है। पार्किंग स्थलों पर भी निगरानी रखी जाएगी, ताकि लोग सड़क किनारे बेतरतीब वाहन खड़े कर यातायात व्यवस्था को प्रभावित न करें। पुलिस ने साफ किया है कि सड़क किनारे अनधिकृत तरीके से वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अपील की गई है कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करें और बाजारों में अनावश्यक रूप से वाहन लेकर जाने से बचें।

WhatsApp Group Join Now


बस अड्डे और रेलवे स्टेशन पर भी निगरानी

त्योहार के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए बस अड्डे और रेलवे स्टेशन सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर भी पुलिस की विशेष नजर रहेगी। संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों की निगरानी के साथ पुलिसकर्मी लगातार गश्त करेंगे। एसपी दीपक सहारन ने जिलावासियों से अपील की कि रक्षाबंधन का पर्व शांतिपूर्ण और भाईचारे के माहौल में मनाएं। यातायात नियमों का पालन करें, पुलिस का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की कमी नहीं रहने दी जाएगी।