home page

सीडीएलयू SIRSA में एआई आधारित वेब सीरीज़ ‘दादा छोटूराम’ की विशेष स्क्रीनिंग

 | 
Special screening of the AI-based web series ‘Dada Chhotu Ram’ at CDLU, Sirsa

mahendra india news, new delhi

चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के सभागार में मंगलवार को हरियाणा के महान जननायक एवं किसान नेता सर छोटूराम के जीवन, संघर्ष और विचारों पर आधारित एआई वेब सीरीज़ ‘दादा छोटूराम’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन कुलगुरु प्रो. विजय कुमार के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डॉ. सुनील कुमार मुख्य अतिथि तथा परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे ,कार्यक्रम में जनसंपर्क निदेशक डॉ. अमित सांगवान सहित विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, विद्यार्थी तथा अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

NEWS
मुख्य अतिथि डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि दादा छोटूराम केवल एक महान किसान नेता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और जनअधिकारों के प्रबल समर्थक थे। उनके जीवन और विचारों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता जैसी आधुनिक तकनीक के माध्यम से नई पीढ़ी तक पहुंचाना एक सराहनीय और अभिनव प्रयास है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास हरियाणा के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत को आधुनिक डिजिटल माध्यमों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।


विशिष्ट अतिथि परीक्षा नियंत्रक प्रो. राजकुमार ने कहा कि दादा छोटूराम के संघर्ष और योगदान को वेब सीरीज़ के माध्यम से प्रस्तुत करना युवाओं को अपने इतिहास और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने एआई तकनीक के रचनात्मक और सकारात्मक उपयोग की सराहना करते हुए पूरी टीम को शुभकामनाएं दीं।

वेब सीरीज़ के लेखक एवं निर्देशक रमेश चहल ने कहा कि दादा छोटूराम की कहानी केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि आज भी समाज और विशेषकर युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट के माध्यम से आधुनिक एआई तकनीक और डिजिटल कहानी कहने की शैली का उपयोग करते हुए दादा छोटूराम के व्यक्तित्व, संघर्ष और विचारों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने विश्वविद्यालय में स्क्रीनिंग के अवसर के लिए सीडीएलयू प्रशासन का आभार व्यक्त किया।

WhatsApp Group Join Now


जनसंपर्क निदेशक डॉ. अमित सांगवान ने कहा कि ‘दादा छोटूराम’ जैसी रचनात्मक पहल इतिहास, तकनीक और समाज को जोड़ने का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह विश्वविद्यालय के लिए गौरव का विषय है कि हरियाणा की धरती के महान जननायक की प्रेरणादायी गाथा को आधुनिक एआई तकनीक के माध्यम से प्रस्तुत करने वाली इस अभिनव वेब सीरीज़ की विशेष स्क्रीनिंग विश्वविद्यालय परिसर में हुई। उन्होंने लेखक एवं निर्देशक रमेश चहल तथा उनकी पूरी टीम को इस महत्वपूर्ण प्रयास के लिए बधाई दी।


इस अवसर पर वेब सीरीज़ की निर्माण टीम के रमेश चहल, गुलशन खन्ना, एन.डी. बुमराह, सुमीत बजाज, दीपान बजाज और डॉ. दिलावर ने भी कार्यक्रम में शिरकत की और उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों के साथ अपने अनुभव साझा किए। स्क्रीनिंग के दौरान दर्शकों ने वेब सीरीज़ को उत्साहपूर्वक देखा और इसकी विषय-वस्तु, प्रस्तुति तथा आधुनिक तकनीक के प्रयोग की सराहना की। कार्यक्रम ने यह संदेश दिया कि यदि आधुनिक तकनीक का उपयोग रचनात्मक दृष्टिकोण के साथ किया जाए तो इतिहास और विरासत की कहानियों को नई पीढ़ी तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जा सकता है। समारोह का समापन आयोजन से जुड़े सभी अतिथियों, कलाकारों और तकनीकी टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए किया गया।