हरियाणा प्रदेश में ई-बसों में भी मान्य होंगे छात्रों के बस पास, देंखे कितने किलोमीटर तक कर सकेंगे सफर
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश के लाखों छात्रों के लिए गुड न्यूज है। हरियाणा रोडवेज की इलेक्ट्रिक बसों में भी छात्रों के बस पास मान्य होंगे। रोडवेज विभाग के अधिकारियों के अनुसार छात्र बस पास के माध्यम से एक दिन में अधिकतम 150 किलोमीटर तक यात्रा कर सकेंगे। इस घोषणा से स्कूल, कॉलेज और अन्य शिक्षण संस्थानों में पढ़ाई के लिए रोजाना आने-जाने वाले विद्यार्थियों को इसका सीधा फायदा मिलेगा।
बता दें कि प्रदेश के सीएम नायब सैनी ने 28 मई को पानीपत में छात्रों के बस पास को इलेक्ट्रिक बसों में लागू करने की घोषणा की थी। अब रोडवेज विभाग की ओर से इसे लागू कर दिया गया है। ई-बसों के बढ़ते संचालन के बीच छात्रों को भी बस पास की सुविधा से जोडऩे का निर्णय लिया गया है।
150 किमी तक यात्रा करने वाले विद्यार्थियों को मिलेगी सुविधा
प्रदेश में छात्रों के लिए ई-बसों में बस पास की सुविधा महत्वपूर्ण होगी। 150 किलोमीटर तक की दैनिक यात्रा सीमा होने के कारण आसपास के जिलों और शहरों से पढ़ाई के लिए आने-जाने वाले विद्यार्थियों को भी सुविधा मिल सकेगी। बस पास की सुविधा से दूरदराज के गांवों और कस्बों से शहरों में पढ़ाई के लिए आने वाले छात्रों को अधिक फायदा मिलेगा। प्रतिदिन लंबी दूरी तय करने वाले छात्रों का यात्रा खर्च कम होगा। साथ ही उन्हें सार्वजनिक परिवहन के बेहतर और सुविधाजनक विकल्प का लाभ मिल सकेगा।
हरियाणा रोडवेज के महाप्रबंधक संजय कुमार ने बताया कि छात्रों के लिए इलेक्ट्रिक बसों में बस पास लागू कर दिया गया है। हरियाणा रोडवेज की ओर से संचालित की जा रही सभी ई-बसों में छात्रों के बस पास मान्य होंगे।
