बराच स्कूल चौपटा के छात्रों ने देखी हरियाणा विधानसभा की लाइव कार्यवाही, विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
mahendra india news, new delhi
नाथूसरी चौपटा स्थित बराच सीनियर सेकेंडरी स्कूल में राजनीतिक विज्ञान के 37 विद्यार्थी और 4 शिक्षकों ने मंगलवार को हरियाणा विधानसभा की लाइव कार्यवाही का अवलोकन किया। यह जानकारी विद्यालय के प्राचार्य जगदीश बराच ने दी है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को देश और प्रदेश की लोकतांत्रिक प्रणालियों, विधायी प्रक्रियाओं और संसदीय कार्यशैली से व्यावहारिक रूप से रूबरू कराना है।
उल्लेखनीय है कि यह स्कूल अपनी उत्कृष्ट गतिविधियों और उपलब्धियों के लिए पूरे प्रदेश में विशिष्ट पहचान रखता है।
स्कूल के प्राचार्य जगदीश बराच ने विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यवाही दिखाने के इस निर्णय पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि किताबी ज्ञान के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव विद्यार्थियों के बौद्धिक विकास के लिए बेहद आवश्यक है। विधानसभा की कार्यवाही को लाइव देखने से विद्यार्थियों को सदन की बहस, विधेयकों के पारित होने की प्रक्रिया और जनप्रतिनिधियों की कार्यप्रणाली को नजदीक से समझने का अनूठा अवसर मिला है।
इस विशेष शैक्षणिक भ्रमण को लेकर विद्यार्थियों और शिक्षकों में भारी उत्साह का माहौल देखने को मिला है। अध्यापकों का मानना है कि इस प्रकार के व्यावहारिक कार्यक्रमों से विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, राजनीतिक और सामाजिक जागरूकता का विकास होता है, जिससे वे भविष्य में एक जिम्मेदार और जागरूक नागरिक के रूप में देश निर्माण में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। इस मौके पर अध्यापक अनीता, धर्मवीर सिंह, दीपक बराच मौजूद रहे।
