CDLU सिरसा के विद्यार्थियों ने नैनीताल में किया हिमालयी वनस्पतियों का अध्ययन
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के वनस्पति विज्ञान विभाग द्वारा नैनीताल, उत्तराखंड में शैक्षणिक भ्रमण आयोजित किया गया। इसमें 28 विद्यार्थियों ने भाग लेकर हिमालयी क्षेत्र में पाए जाने वाले पौधों, लाइकेन, कवक और मशरूम की विविधता का अध्ययन किया।

इस संबंध में जानकारी देते हुए विभाग के अध्यक्ष प्रो. मोहम्मद काशिफ किदवई ने बताया कि भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को वनस्पतियों की पहचान, वर्गीकरण, संरक्षण तथा क्षेत्रीय अनुसंधान का व्यावहारिक ज्ञान प्रदान करना था।
विद्यार्थियों ने विभिन्न प्राकृतिक आवासों का अवलोकन करते हुए जलवायु, नमी और ऊंचाई का वनस्पतियों के वितरण पर पड़ने वाले प्रभाव को समझा। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर पारंपरिक रूप से उपयोग किए जाने वाले पौधों के बारे में भी जानकारी प्राप्त की।
भ्रमण के दौरान एकत्रित एवं प्रलेखित नमूनों को उचित पहचान और संरक्षण के बाद विश्वविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग की हर्बेरियम में संरक्षित किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों और शोधार्थियों को प्रायोगिक अध्ययन तथा भविष्य के अनुसंधान में सहायता मिलेगी। डॉ. ज्योति सांगवान ने भ्रमण का समन्वय किया, जबकि वाणिज्य विभाग के डॉ. दीपक ने पुरुष टूर प्रभारी के रूप में विद्यार्थियों के साथ रहकर सहयोग किया।
