सीडीएलयू SIRSA के विद्यार्थियों ने नशा मुक्ति और एआई युग में मीडिया साक्षरता के प्रति किया जागरूक
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के एमए के विद्यार्थियों तथा यूनिवर्सिटी स्कूल फॉर ग्रेजुएट स्टडीज के अंतर्गत मास कम्युनिकेशन के विद्यार्थियों ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, भरोखां का शैक्षणिक भ्रमण किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने स्कूली बच्चों को मीडिया लिटरेसी के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के वर्तमान दौर में मीडिया साक्षरता के महत्व से अवगत करवाया गया।
इस संदर्भ में जानकारी देते हुए पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यक्ष डॉ अमित सांगवान ने बताया कि कार्यक्रम का आयोजन विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर विजय कुमार के दिशा निर्देशन में केंद्र सरकार के सेवा संकल्प अभियान तथा आउटरीच कार्यक्रम के तहत किया गया। इस शैक्षणिक भ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों में मीडिया एवं डिजिटल साक्षरता बढ़ाने, जिम्मेदार डिजिटल नागरिकता की भावना विकसित करने तथा सामुदायिक सहभागिता के व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना रहा।
डॉ. अमित सांगवान ने विद्यार्थियों को डिजिटल मीडिया का जिम्मेदारी पूर्ण उपयोग करने, विश्वसनीय स्रोतों से जानकारी प्राप्त करने और फेक न्यूज से सतर्क रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मीडिया साक्षरता विद्यार्थियों में तार्किक सोच विकसित करने के साथ-साथ उन्हें जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
इस अवसर पर नशा मुक्ति अभियान के नोडल ऑफिसर डॉ रविंद्र ढिल्लों जो इस दल की अगुवाई भी कर रहे थे. उन्होंने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने, स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और अपने भविष्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशे की लत युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य, शिक्षा और करियर पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य वेद रोज, सीडीएलयू की प्राध्यापक डॉ टिम्सी मेहता, शोधार्थी डिंपल, आकाश तथा अनमोल द्वारा कार्यक्रम के दौरान एआई के दौर में मीडिया साक्षरता की प्रासंगिकता पर भी चर्चा की गई। विद्यार्थियों को बताया गया कि सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध प्रत्येक जानकारी को सही नहीं माना जा सकता। एआई के माध्यम से तैयार की गई तस्वीरों, वीडियो और भ्रामक सूचनाओं की पहचान करना तथा किसी भी खबर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच करना आज के समय की महत्वपूर्ण आवश्यकता है। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय के प्राध्यापक हनुमान द्वारा किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के अध्यापकों सहित भरोखां गांव के सरपंच भीम और मिलखराज भी उपस्थित रहे।
