नाथूसरी चौपटा के संत कबीर इंटरनेशनल स्कूल में रचनात्मक मॉडल प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा और आत्मविश्वास
mahendra india news, new delhi
नाथूसरी चौपटा के भादरा रोड स्थित संत कबीर इंटरनेशनल स्कूल में शुक्रवार को रचनात्मक मॉडल प्रदर्शनी का सफल आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित, पर्यावरण अध्ययन, हिन्दी, अंग्रेज़ी तथा कला विषयों से संबंधित आकर्षक मॉडल तैयार किए और पूरे आत्मविश्वास के साथ उनकी कार्यप्रणाली एवं उपयोगिता प्रस्तुत की। इस प्रदर्शनी में मानव मस्तिष्क, हृदय की कार्यप्रणाली, जल संरक्षण, सौर ऊर्जा, ज्वालामुखी, स्मार्ट यातायात व्यवस्था, प्रदूषण नियंत्रण, विद्युत परिपथ, स्मार्ट नगर तथा अनुपयोगी वस्तुओं से उपयोगी वस्तुएं बनाने जैसी अनेक रचनाएँ विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं।

विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या रिया फूटेला के मार्गदर्शन में समय-समय पर ऐसी रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक गतिविधियों का आयोजन किया जाता है, जिससे विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मक सोच और आत्मविश्वास का निरंतर विकास होता है। विद्यालय के प्रधानाचार्य अंबेडकर कासनियां ने विद्यार्थियों और सभी शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को प्राइज देकर सम्मानित किया। विद्यालय परिवार ने सभी प्रतिभागियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
