केन्द्रीय कपास अनुसंधान संस्थान में विद्यार्थियों को बताए जाएंगे कपास फसल के नवीनतम अनुसंधान
mahendra india news, new delhi
केन्द्रीय कपास अनुसंधान संस्थान (क्षेत्रीय स्टेशन) में सीआरडीएवी महिला महाविद्यालय, ऐलनाबाद तथा गवर्नमेंट नेशनल कॉलेज, सिरसा के विद्यार्थियों के लिए 21 दिवसीय ग्रीष्मकालीन प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम 31 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा।
संस्थान के अध्यक्ष डॉ. एसके वर्मा के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में कुल 27 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं, जिनमें सीआरडीएवी महिला महाविद्यालय, ऐलनाबाद के 23 तथा गवर्नमेंट नेशनल कॉलेज, सिरसा के 4 विद्यार्थी शामिल हैं। कार्यक्रम के समन्वयक के रूप में डॉ. ओ. वाशिंगटन सिंह अपनी सेवाएं देंगे। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को कपास फसल से संबंधित नवीनतम अनुसंधान, आधुनिक कृषि तकनीकों, प्रयोगशालाओं में संचालित वैज्ञानिक गतिविधियों तथा विभिन्न अनुसंधान परियोजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। साथ ही उन्हें वैज्ञानिक अनुसंधान की कार्यप्रणाली एवं कृषि क्षेत्र में हो रहे नवाचारों से भी अवगत कराया जाएगा, जिससे उनमें अनुसंधान के प्रति रुचि और वैज्ञानिक सोच का विकास हो सके।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत संस्थान के विभिन्न वैज्ञानिक एवं तकनीकी विशेषज्ञ विद्यार्थियों को अपने-अपने विषयों पर सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण प्रदान करेंगे। इनमें प्रधान वैज्ञानिक डॉ. ऋषि कुमार, प्रधान वैज्ञानिक डॉ. सतीश सैन, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अमरप्रीत सिंह, वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. सुभाष चन्द्र, वरिष्ठ तकनीकी सहायक सतपाल सिंह, तकनीकी सहायक संजीव कुमार तथा तकनीकी सहायक रामप्रताप शामिल हैं। ये सभी विशेषज्ञ विद्यार्थियों को अपने-अपने अनुभागों में संचालित अनुसंधान कार्यों, नवीन तकनीकों एवं वैज्ञानिक उपलब्धियों की जानकारी देंगे।
