सुनील सहारण बने तरकांवाली के कार्यवाहक सरपंच, बीडीपीओ कार्यालय में आयोजित बैठक में सभी वार्ड पंचों ने सुनील सहारण के नाम पर लगाई मुहर
नाथुसरी-चोपटा। गांव तरकांवाली में पिछले दिनों सरपंच ओमप्रकाश पटवारी के निधन के बाद रिक्त हुए पद पर वार्ड पंच सुनील सहारण को कार्यवाहक सरपंच बनाया गया है। खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में बीडीपीओ डॉ. स्टालिन सिद्धार्थ सचदेवा की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सभी वार्ड पंचों ने सर्वसम्मति से सुनील सहारण को कार्यवाहक सरपंच चुन लिया।
गौरतलब है कि पिछले दिनों गांव तरकांवाली के सरपंच ओमप्रकाश पटवारी का निधन हो गया था। उसके बाद से ही सरपंच पद रिक्त पड़ा था। उसी को देखते हुए बीडीपीओ डॉ. स्टालिन सिद्धार्थ ने बीडीपीओ कार्यालय में तरकांवाली के सभी वार्ड पंचों की एक बैठक बुलाई जिसमें सभी 9 वार्डपंच मुकेश कुमार, निशा रानी, सुनील कुमार, मोनिका, पूनमचंद, सोना, पूनम, सुरेंद्र व पुष्पा ने भाग लिया।
बैठक में सभी ने सर्वसम्मति से सुनील कुमार के नाम पर सहमति जताई। इस दौरान कार्यवाहक सरपंच सुनील कुमार ने कहा कि ग्रामीणों ने जो जिम्मेदारी हमें सौंपी है उन्हें पूरी तरह से निभाएंगे व गांव में विकास कार्यों की कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी। गांव में पहुंचने पर तरकांवाली के ग्रामीणों ने कार्यवाहक सरपंच सुनील कुमार को मालाएं पहनाकर स्वागत किया। इस अवसर पर ग्राम सचिव अनिल बैनीवाल, ग्राम सचिव कालूराम सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
