पीएम किसान सम्मान निधि की 21वीं किस्त जारी, सिरसा के 120144 किसानों के खाते में भेजी गई 20 करोड़ 43 लाख रुपये की राशि
mahendra india news, new delhi
सरकार की कृषि क्षेत्र में क्रियान्वित की जा रही बेहतर योजनाओं का ही परिणाम है कि अब प्रदेश का किसान विकास की मुख्यधारा के साथ जुड़ रहा है। किसान तरक्की के रास्ते पर निरंतर आगे बढ़ रहा है, जिसका श्रेय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री नायब सैनी को जाता है।
यह बात राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बुधवार को कृषि विज्ञान केंद्र में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा तमिलनाडु के कोयंबटूर से 21वीं किस्त जारी करने के संदर्भ में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कही। इस दौरान कोयम्बटूर में आयोजित केंद्रीय कार्यक्रम व पलवल में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया गया। बुधवार को योजना के तहत सिरसा के 120144 किसानों के खाते में सीधे 20 करोड़ 43 लाख रुपये की राशि भेजी गई।
राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि बेहतर कृषि व्यवस्था व सुविधाओं की दृष्टि से हरियाणा पूरे भारत में अग्रणी है, इसलिए सबसे ज्यादा खुशहाल किसान हरियाणा का है। उन्होंने कहा कि बिजली, टेल तक पानी पहुंचाने, सीधे खाते में योजनाओं का लाभ पहुंचाने जैसी सुविधाएं सरकार ने किसानों को दी है। सरकार गरीब, किसान, मजदूर सभी वर्गों के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि योजनाओं को धरातल स्तर पर क्रियान्वित करने के लिए अधिकारियों को जवाबदेही तय की गई है, ताकि किसानों को योजना का त्वरित लाभ मिलना सुनिश्चित हो सके। उन्होंने किसानों से भी आह्वान किया कि वे जागरूक हों और सरकार की योजनाओं का लाभ उठाएं।
सुभाष बराला ने कहा कि आज के समय पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी चुनौती है। सरकार इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। पर्यावरण संरक्षण में किसानों का सहयोग अपेक्षित है। किसान पराली को जलाएं नहीं बल्कि इसका प्रबंधन करें। सरकार पराली प्रबंधन के लिए अनुदान में कृषि यंत्र उपलब्ध करवा रही है। किसान इन स्कीमों का लाभ उठाकर पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें। पराली जलाने से जहां पर्यावरण का नुकसान होता है और अनेकों बीमारियां होती हैं, वहीं जमीन के मित्र कीट मर जाते हैं, जिससे जमीन की उपजाऊ शक्ति कमजोर हो जाती है।
जिला अध्यक्ष यतिंद्र सिंह एडवोकेट ने कहा कि किसानों के हित में जितने काम प्रदेश सरकार ने किए हैं, आज से पहले किसी भी सरकार ने नहीं किए हैं। सरकार निरंतर किसानों के विकास के लिए प्रयासरत है। इस दौरान उप निदेशक कृषि डा. सुखदेव सिंह ने विभाग की कृषि योजनाओं के बारे में किसानों को जानकारी दी।
इसके अलावा उपमंडल स्तर पर डबवाली, ऐलनाबाद, रानियां व कालांवाली में भी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। उपमंडल डबवाली में बलदेव सिंह मांगेआना, ऐलनाबाद में अमीर चंद मेहता, रानियां में शीशपाल कंबोज ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री के पूर्व राजनीतिक सलाहकार जगदीश चोपड़ा, वेद फूला, रोहताश जांगड़ा, हनुमान कुंडू, श्याम बजाज, अंबर, भूपेश मेहता, सागर केहरवाला, विरेंद्र तिन्ना, बिमला सिंवर सहित अधिकारी व किसान उपस्थित थे।
