शेयर मार्केट में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 5,59250 रुपये की सिरसा के व्यक्ति से ठगी करने के मामले में आरोपी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार
SIRSA SP दीपक सहारन के दिशा-निर्देशानुसार गठित साइबर थाना टीम ने शेयर मार्केट में ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक आरोपी को उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस संबंध में जानकारी देते हुए साइबर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर श्याम सुंदर ने बताया कि यह कार्रवाई महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर की गई।
मामले के अनुसार, गांव तलवाड़ा खुर्द निवासी कुलप्रीत सिंह पुत्र त्रिलोक सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसे “अनु शर्मा” नामक इंस्टाग्राम आईडी से एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें कम समय में ऑनलाइन ट्रेडिंग के माध्यम से अधिक मुनाफा कमाने का लालच दिया गया। झांसे में आकर पीड़ित ने शुरुआत में छोटे-छोटे टास्क पूरे किए। साइबर अपराधियों ने विश्वास जीतने के लिए प्रारंभिक निवेश पर दोगुनी राशि उसके खाते में वापस भेजी।
इसके बाद आरोपियों ने पीड़ित को अधिक लाभ का प्रलोभन देकर बड़ी रकम निवेश करने के लिए प्रेरित किया। लालच में आकर पीड़ित ने कुल 5 लाख 59 हजार 250 रुपये ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर निवेश कर दिए। जब पीड़ित ने निवेश की गई राशि निकालने के लिए भेजे गए लिंक पर क्लिक किया तो लिंक बंद हो चुका था। तब उसे एहसास हुआ कि वह साइबर ठगी का शिकार हो चुका है।
शिकायत के आधार पर साइबर थाना सिरसा में अज्ञात साइबर अपराधियों के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी रिहान पुत्र दिलशाद निवासी गांव पीपली खेड़ा, जिला मेरठ, उत्तर प्रदेश, थाना लोहिया नगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
गौरतलब है कि इस मामले में दो अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस द्वारा मामले में कई महत्वपूर्ण डिजिटल साक्ष्य जब्त किए गए हैं तथा अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
सिरसा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, सोशल मीडिया आईडी या ऑनलाइन निवेश के लालच में आकर धनराशि निवेश न करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत साइबर हेल्पलाइन या नजदीकी पुलिस स्टेशन में दें।
