स्वर्णकार संघ के प्रतिनिधिमंडल ने देव कुमार शर्मा से की भेंट, समस्याओं के समाधान की उठाई मांग
mahendra india news, new delhi
अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ 3545 जिला सिरसा का एक प्रतिनिधिमंडल, लाभ सिंह शींह (विक्रम इंडस्ट्रीज) की अध्यक्षता में हरि13याणा बीज विकास निगम के चेयरमैन व एचकेआरएन हरियाणा के डायरेक्टर देव कुमार शर्मा से उनके निवास पर मिला। प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले देव कुमार शर्मा को फूलमाला, सिरोपा व पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया तथा भगवान श्री गणेश व माता लक्ष्मी की चांदी की प्रतिमा भेंट की। इसके पश्चात देव कुमार शर्मा ने भी प्रतिनिधिमंडल के सभी सदस्यों को सिरोपा पहनाकर स्वागत किया और स्मृति चिन्ह भेंट किए।
इस अवसर पर अखिल भारतीय स्वर्णकार संघ 3545 के जिला प्रधान राजकुमार सोनी (सरस्वती ज्वैलर्स, सिरसा) का भी देव कुमार शर्मा द्वारा सिरोपा व पगड़ी पहनाकर सम्मान किया गया। संघ के राष्ट्रीय संयोजक रविंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने देव कुमार शर्मा से अनुरोध किया कि हरियाणा में स्वर्णकला भलाई बोर्ड का गठन करवाने के लिए वे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के समक्ष उनकी पैरवी करें। उन्होंने कहा कि सोने के बढ़ते दामों के कारण स्वर्णकारों का कामकाज प्रभावित हुआ है, जिससे कारीगरों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है।
संघ के राष्ट्रीय प्रतिनिधि अशोक कंडा ने बताया कि इस दौरान स्वर्णकार समाज की विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि स्वर्णकारों पर लगने वाली धारा 411 व 412 के मामलों में उचित समाधान किया जाए। इसके अतिरिक्त ऐसे मामलों का भी समाधान करवाने की मांग उठाई गई, जिनमें बाहर से आने वाले बंगाली कारीगर सोना लेकर फरार हो जाते हैं।
चेयरमैन देव कुमार शर्मा ने स्वर्णकारों को आश्वस्त करते हुए कहा कि संघ के पदाधिकारी राजेश सोनी सदेवड़ा (सिरसा) के नेतृत्व में एक शिष्टमंडल तैयार किया जाए, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से समय लेकर मिलवाया जाएगा, ताकि स्वर्णकारों के कारोबार से जुड़ी समस्याओं का समाधान करवाने का प्रयास किया जा सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सभी वर्गों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध हैं और प्रदेश सरकार समय-समय पर इस दिशा में कदम उठा रही है।
इस अवसर पर मोहन लाल जौड़ा, सुरेंद्र कुमार सोनी झींगा, किशोरी लाल सदेवड़ा, दिनेश सोनी नारनौली, सुरेंद्र सोनी भून, कन्हैया लाल मसौंन गंगा वाले, जगसीर सिंह कंडा, सुखविंद्र सूर्या, निर्मल सिंह कंडा, जगदीश सिंह खुरमी, गिन्नी कंडा, साहिल खुरमी, कर्ण सूर्या, अमित जौड़ा सहित अनेक स्वर्णकार प्रतिनिधि मौजूद रहे।
