हरि भूमि की उड़ान” पहल समृद्ध भारत संकल्प की बैठक में प्रस्तुत, प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने का संकल्प
mahendra india news, new delhi
मगन उड़ान वेलफेयर सोसायटी द्वारा किसानों, पर्यावरण एवं आने वाली पीढ़ियों के हित में शुरू की गई पहल “हरि भूमि की उड़ान” को Sirsa में आयोजित “समृद्ध भारत संकल्प” की पहली बैठक में प्रस्तुत किया गया। इस पहल का मुख्य उद्देश्य किसानों के बीच प्राकृतिक खेती एवं जैविक खेती को प्रोत्साहित करना, मिट्टी की उर्वरता एवं पर्यावरण का संरक्षण तथा कृषि को अधिक टिकाऊ एवं स्वस्थ बनाना है।
बैठक में मगन उड़ान वेलफेयर सोसायटी के महासचिव श्री सुरेंद्र शंकर, उपाध्यक्ष श्री भादर सिंह तथा सोसायटी के अन्य सदस्यों ने “हरि भूमि की उड़ान” के उद्देश्यों एवं कार्ययोजना के बारे में जानकारी दी।
इसी अवसर पर सोसायटी की ओर से नेपाल सिंह राणा को “हरि भूमि की उड़ान” की स्मृति के रूप में स्मृति-चिह्न भेंट किया गया। नेपाल सिंह राणा ने सोसायटी की इस पहल की सराहना करते हुए इसे किसानों और पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया तथा इस अभियान में सोसायटी को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया।
सोसायटी के महासचिव सुरेंद्र शंकर ने कहा कि “हरि भूमि की उड़ान केवल प्राकृतिक एवं जैविक खेती को बढ़ावा देने की पहल नहीं है, बल्कि यह मिट्टी, पानी, पर्यावरण, किसान और मानव स्वास्थ्य को एक साथ जोड़ने का प्रयास है। हमारा उद्देश्य किसानों को जागरूक कर प्राकृतिक एवं टिकाऊ कृषि पद्धतियों की ओर प्रेरित करना है।”
सोसायटी द्वारा बताया गया कि “हरि भूमि की उड़ान” के माध्यम से किसानों के साथ संवाद, जागरूकता कार्यक्रम, प्राकृतिक एवं जैविक खेती की जानकारी तथा उपलब्ध सरकारी योजनाओं एवं कृषि विशेषज्ञों से जुड़ाव को बढ़ावा दिया जाएगा।
मगन उड़ान वेलफेयर सोसायटी ने इस पहल को जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाने और अधिक से अधिक किसानों को इससे जोड़ने का आह्वान किया।
