हरियाणा प्रदेश में मानसून होगा सक्रिय, 24 अगस्त तक हरियाणा के अधिकतर हिस्सों में होगी बरसात, इन जिलों में होगी अधिक बरसात
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश में उमस भरी गर्मी से लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अब जल्द ही उमस भरी गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार 20 अगस्त से 24 अगस्त तक हरियाणा प्रदेश के अधिकतर एरिया में हल्की से मध्यम बरसात होने की संभावना है। इस दौरान उत्तरी, पूर्वी और दक्षिण-पूर्वी जिलों में मध्यम से तेज बरसात हो सकती है जबकि दक्षिणी जिलों में बारिश के आसार कम हैं।
मौसम को लेकर मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, करनाल, कुरुक्षेत्र, कैथल और पानीपत में मानसून सक्रिय है। पंचकूला, अंबाला और यमुनानगर में मानसून गतिविधियां अधिक देखने को मिल रही हैं।
इसी के साथ ही हिसार के बरवाला क्षेत्र में भी छिटपुट बूंदाबांदी दर्ज की गई है। हरियाणा के अधिकांश हिस्सों में आंशिक बादल छाए हुए हैं लेकिन कई जगह बादल बिना बरसात के आगे निकल रहे हैं।
इन जिलों में ज्यादा होगी बरसात
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन के अनुसार 20 अगस्त से 21 अगस्त को नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से 20 अगस्त से 24 अगस्त के दौरान मौसम में बदलाव आएगा और मानसून की बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। मध्यवर्ती जिलों रोहतक, जींद, सोनीपत, कैथल, फतेहाबाद और हिसार में हल्की से मध्यम बरसात होने की संभावना है।
