जेजेपी स्थापना रैली को लेकर पार्टी ने झोंकी ताकत, जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने किया विभिन्न गांवों में जनसंपर्क, दिया न्यौता
mahendra india news, new delhi
सिरसा। जननायक जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने मंगलवार को अपने पार्टी पदाधिकारियों के साथ जिले के विभिन्न गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर लोगों को अधिक से अधिक संख्या में आगामी 7 दिसंबर को जुलाना में पार्टी के 8वें स्थापना दिवस पर होने वाली रैली में शामिल होने का न्यौता दिया।
गांव छतरियां, बड़ागुढ़ा, आनंदगढ़, रोहिडांवाली, कालांवाली, तख्तमल, सिंहपुरा व भंगु आदि अनेक गांवों में जनसंपर्क करते हुए जेजेपी के जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने कहा कि जुलाना रैली ऐतिहासिक होगी और इसमें पार्टी का शीर्ष नेतृत्व जहां मौजूदा सरकार की बेकायदगियों को उजागर करेगा वहीं पार्टी की आगामी रणनीतियों की भी जानकारी दी जाएगी।
जेजेपी जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने कहा कि आज पूरे प्रदेश में जंगलराज की सी स्थिति है जहां बेरोजगारों को रोजगार नहीं मिल रहा वहीं व्यापारियों को नित्य अपराधियों से फिरौतियों के लिए धमकी, महिलाओं के प्रति बढ़ते अपराध, शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में गिरावट आम देखी जा रही है। ऐसे में प्रदेशवासी अब जेजेपी को ही भाजपा का विकल्प मानने लगे हैं। उन्होंने कहा कि लोगों में जेजेपी की इस रैली के प्रति खासा उत्साह पाया जा रहा है। इस जनसंपर्क अभियान में जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा के साथ जेजेपी के किसान सैल के जिला संयोजक शगनजीत सिंह गिल, कालांवाली हलकाध्यक्ष बलकरण सिंह भंगु, राममूर्ति बाना सहित अन्य पार्टी पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद थे।
