साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूकता और सुरक्षित डिजिटल वातावरण के निर्माण में विद्यालय प्रमुखों की भूमिका महत्वपूर्ण: प्रो. राज कुमार सिवाच
mahendra india news, new delhi
एससीईआरटी हरियाणा, गुरुग्राम के आदेशों की अनुपालना में जिला शिक्षा अधिकारी सिरसा एवं डाइट डिंग के प्राचार्य सुभाष फुटेला तथा डाइट प्रभारी सुरेंद्र सिंह नूनिया के निर्देशानुसार, ईटी विंग प्रभारी डॉ. मनोज पुरी, प्रशिक्षण कार्यक्रम कॉर्डिनेटर डॉ. विनोद भट्टू एवं सह-कॉर्डिनेटर डॉ. राजेश खुराना की देखरेख में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, डिंग, सिरसा में विद्यालय मुखियाओं के लिए आयोजित पांच दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यक्रम का तीसरा दिन विभिन्न महत्वपूर्ण एवं समसामयिक विषयों पर विशेषज्ञ सत्रों के साथ सम्पन्न हुआ। तीसरे दिन की शुरूआत डाइट विषय विशेषज्ञ सतपाल सिंह एवं संदीप कुमार ने की।
उन्होंने दिनभर की प्रशिक्षण रूपरेखा से प्रतिभागियों को अवगत करवाया तथा पिछले दिन की गतिविधियों का फीडबैक लेते हुए प्रतिभागियों के अनुभवों एवं सुझावों को साझा करवाया। प्रशिक्षण सत्र में डाइट विषय विशेषज्ञ डॉ. राजेश खुराना ने पाक्सो की उपयोगिता, शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया में इसके प्रभावी प्रयोग, शैक्षिक सामग्री निर्माण, प्रशासनिक कार्यों के सरलीकरण तथा समय प्रबंधन में इसकी भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीकी साधनों के उचित उपयोग से विद्यालयों में शिक्षण एवं प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी, सरल और परिणामोन्मुख बनाया जा सकता है। इसके बाद चौधरी देवी लाल विश्वविद्यालय, सिरसा के पूर्व रजिस्ट्रार एवं लोक प्रशासन विभाग के प्रोफेसर डॉ. राज कुमार सिवाच ने 'हरियाणा के माध्यमिक विद्यालयों में साइबर सुरक्षा एवं संरक्षा के लिए नेतृत्व की भूमिका' विषय पर विस्तारपूर्वक चर्चा की।
उन्होंने साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, आॅनलाइन धोखाधड़ी से बचाव तथा डिजिटल संसाधनों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को साइबर खतरों के प्रति जागरूक करने और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय प्रमुखों की सजगता, जिम्मेदारी एवं प्रभावी नेतृत्व से विद्यालयों में सुरक्षित डिजिटल वातावरण का निर्माण संभव है। वहीं डाइट विशेषज्ञ डॉ. मनोज पुरी ने 'तकनीक आधारित अधिगम के लिए विद्यालय प्रमुखों का सशक्तीकरण' विषय पर अपने विचार प्रस्तुत किए। उन्होंने तकनीक आधारित शिक्षण, डिजिटल संसाधनों के प्रभावी उपयोग, स्मार्ट कक्षाओं, आॅनलाइन शैक्षिक मंचों तथा विद्यालयों में नवाचारपूर्ण शिक्षण वातावरण विकसित करने के विभिन्न पहलुओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि तकनीक का उद्देश्य केवल शिक्षण को आधुनिक बनाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सीखने के अनुभव को अधिक रोचक, समावेशी एवं प्रभावशाली बनाना है।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विशेषज्ञों के साथ संवाद करते हुए अपने अनुभव साझा किए तथा विद्यालयों में इन नवाचारों को लागू करने के व्यावहारिक पहलुओं पर चर्चा की। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य विद्यालय मुखियाओं में नेतृत्व क्षमता, तकनीकी दक्षता, साइबर सुरक्षा के प्रति सजगता तथा प्रभावी विद्यालय प्रबंधन के कौशल विकसित करना रहा।
-डॉ. विनोद भट्टू, कॉर्डिनेटर डिस्ट्रिक्ट सेंटर फॉर स्कूल लीडरशिप (डीसीएसएल), डाइट डिंग, सिरसा
