द सिरसा स्कूल SIRSA के वार्षिक समारोह में विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
mahendra india news, new delhi
सिरसा। दि सिरसा स्कूल में वार्षिक समारोह ‘केंशो-एक अंतर्दृष्टि’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे गु्रप कैप्टन शक्ति सागर, मुख्य संचालन अधिकारी (वायु सेना स्टेशन सिरसा), नागेंद्र गोयल संयुक्त आयुक्त (केंद्रीय विद्यालय संगठन) का शानदार स्वागत किया गया। प्रसिद्ध समाजसेवी व सम्मानित अतिथि कांता चौटाला ने भी समारोह में शिरकत की, जिनकी करुणा, सेवा और अटूट समर्पण की भावना प्रत्येक शिक्षार्थी और शिक्षक के हृदय को प्रेरित करती रहेगी।

जेसीडी के महानिदेशक डा. जय प्रकाश हुड्डा और रजिस्ट्रार डा. सुधांशु गुप्ता ने भी समारोह में शिरकत की। विशेष अतिथियों में डा. सुभाष चंद्र (सीईओ) सिरसा, राम सिंह (अध्यक्ष सिरसा सहोदय समूह), शीला पूनिया (महासचिव सहोदय समूह) तथा सिरसा के स्कूलों के प्रिंसिपल भी समारोह में उपस्थित हुए। विद्यालय की निदेशिका व प्राचार्या मनीषा गोदारा ने स्कूल के प्रांगण में इन गणमान्य अतिथियों के पहुंचने पर हार्दिक अभिनंदन करते हुए सभी का आभार व्यक्त किया। समारोह की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना और अतिथियों के करकमलों से दीप प्रज्ज्वलन से हुई।
विद्यालय की निदेशिका मनीषा गोदारा ने स्कूल की उपलब्धियों, शैक्षणिक प्रगति, छात्र-सांस्कृतिक गतिविधियों, भविष्य की योजनाओं और वार्षिक समारोह के विषय के अर्थ, उसकी गहन समझ पर अपने विचार सभी के साथ सांझा किए। उन्होंने बताया कि कैसे विद्यालय न केवल परीक्षा-परिणामों में, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इस बात की घोषणा भी की कि जल्द ही स्कूल हॉस्टल की शुरुआत करने जा रहा है, जहां दूरगामी लडक़े और लड़कियां एक सुविधाजनक और सुरक्षित माहौल में शिक्षा प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही गतिशील जीवन के भिन्न भिन्न पहलुओं पर आधारित तेज़ और ऊर्जा से भरपूर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रारंभ हुआ, जिसमें सबसे पहले वरिष्ठ छात्रों ने प्रकाश थीम पर एक प्रेरणादायक प्रस्तुति दी। तत्पश्चात् जूनियर छात्रों द्वारा अंतर्बोध की प्रस्तुति दी गई,
जिसने बच्चों की सरल लेकिन गहन सोच को दर्शाया। इसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए बोधगम्य खोजों को सांझा करते हुए वरिष्ठ छात्रों ने खोज की थीम पर अभिनय, नृत्य या वक्तृत्व, डायलॉग के माध्यम से रोमांचित करने वाली प्रस्तुति से स्पष्ट किया कि हम अपने अंदर और बाहर की दुनिया में खोज में लगे हुए हैं। इसके साथ ही जूनियर छात्रों ने वैराग्य के माध्यम से यह संदेश दिया कि जीवन में कभी-कभी लगाव से थोड़ा दूरी बनाना भी जरूरी है। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नागेंद्र गोयल, संयुक्त आयुक्त (केंद्रीय विद्यालय संगठन), जिन्होंने अपने उद्बोधन में विद्यार्थियों को कड़ी मेहनत, अनुशासन, लक्ष्य और सच्ची निष्ठा का संदेश दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को तकनीक और नवाचार के बदलते दौर के साथ कदम मिलाकर चलने की प्रेरणा देते हुए कहा कि आज का युवा ही आने वाले भारत का निर्माणकर्ता है।
मुख्य अतिथि ने संस्था द्वारा शिक्षा, खेल और सांस्कृतिक क्षेत्रों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ग्रुप कैप्टन शक्ति सागर ने कहा कि बच्चों को बचपन के अनमोल क्षण खुल कर जीने चाहिए। इस प्रकार की प्रस्तुतियां उन्हें अपनी संस्कृति से जोड़ती ही है साथ ही उन्हें समाज में एक बेहतर नागरिक बनाने में मदद करती है।
इस अवसर पर स्कूल की पत्रिका इल्लूमिनेयर का विमोचन मुख्य अतिथि नागेंद्र गोयल, शक्ति सागर, डा. जय प्रकाश हुड्डा तथा डा. सुधांशु गुप्ता द्वारा किया गया। इस अवसर पर अतिथियों द्वारा खिलाडिय़ों को स्कूल की ओर से उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए ट्रैक सूट दे कर सम्मानित किया गया। स्कूल निदेशक व प्राचार्या और मुख्य अध्यापिका कंवलजीत विर्क ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट देकर उनका हार्दिक आभार व्यक्त किया। विद्यालय प्रबंधन और प्रधानाचार्य ने सभी शिक्षकों, छात्रों और अभिभावकों का हृदय-पूर्वक आभार व्यक्त किया।
