हरियाणा, पंजाब समेत इन प्रदेशों में कल होगी झमाझम बरसात, अलर्ट जारी

मौसम में कल वीरवार यानि 16 जनवरी को बदलाव होने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में घने से बहुत घने कोहरे की उम्मीद है। दक्षिण हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम एवं मध्य उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बरसात धीरे-धीरे बढ़ सकती है।
मौसम वैैज्ञानिकों के अनुसार आज पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी अफगानिस्तान और आसपास के क्षेत्रों में चक्रवाती परिसंचरण के रूप में देखा जा रहा है। दक्षिण-पूर्व अरब सागर और समीपवर्ती भूमध्यरेखीय हिंद महासागर में एक चक्रवाती परिसंचरण मौजूद है।
इसी के साथ ही नया पश्चिमी विक्षोभ 18 जनवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। सब-ट्रॉपिकल वेस्टरली जेट स्ट्रीम, जिसकी मुख्य गति लगभग 130 नॉट्स (12.6 किमी की ऊंचाई पर) है, उत्तर भारत में सक्रिय है।
देश भर में हुई मौसमी हलचल
आपको बता दें कि पिछले 24 घंटों के दौरान, घना से बहुत घना कोहरा पंजाब से उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल तक हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार में छाया रहा। तमिलनाडु, केरल, लक्षद्वीप और दक्षिण कर्नाटक के तटीय इलाकों में हल्की से मध्यम बरसात हुई। हिमाचल प्रदेश और हरियाणा के कुछ हिस्सों में ग्राउंड फ्रॉस्ट देखा गया।
हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में शीत लहर की स्थिति रही।
मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, पूर्व और उत्तर-पूर्व राजस्थान, उत्तर मध्य प्रदेश और दक्षिण-पश्चिम उत्तर प्रदेश में बिखरी हुई बरसात हो सकती है। तमिलनाडु और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बरसात की संभावना है। केरल, दक्षिण कर्नाटक और दक्षिण आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में हल्की बारिश संभव है।
दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, हरियाणा, पंजाब और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल में घने से बहुत घने कोहरे की संभावना है। दक्षिण हरियाणा, दिल्ली और पश्चिम एवं मध्य उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश धीरे-धीरे बढ़ सकती है। 16 जनवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बिखरी हुई बरसात संभव है।