हिसार से कांग्रेस के ये उम्मीदवार हो सकते हैं मैदान में, चार नाम टिकट के लिए भेजे गए हैं कांग्रेस चयन समिति के पास
लोकसभा चुनाव को लेकर सभी पार्टियों ने तैयारियां शुरू कर दी है। हरियाणा की सबसे चर्चित सीट हिसार सीट पर सभी पार्टी की नजर टिकी हुई है। यहां पर बीजेपी ने चौधरी रणजीत सिंह चौटाला को मैदान में उतारा हुआ है। इनेलो ने महिला विंग की प्रधान महासचिव सुनैना चौटाला को मैदान में उतार दिया है, जबकि जजपा की तरफ से नैना चौटाला के मैदान में आने की अटकलें तेज हैं।
अब बात करते हैं कांग्रेस पार्टी की, कांग्रेस पार्टी भी जल्द ही यहां पर प्रत्याशी मैदान में उतार सकती है। सूत्रों केअनुसार चार नाम टिकट के लिए कांग्रेस चयन समिति के पास भेजे गये हैं। इनमें बीजेपी से कांग्रेस में शामिल हुए
बृजेंद्र सिंह सिंह और इनके इलावा चंद्र मोहन बिश्नोई, जयप्रकाश और डॉ चंद्र प्रकाश जांगड़ा शामिल हैं।
आपको बता दें कि हिसार संसदीय क्षेत्र में 9 विधानसभा आती हैं। 2019 में हुए लोकसभा चुनाव में हिसार संसदीय सीट प्रथम बार बीजेपी ने जीती थी। अब राजनीतिक हालात बदल चुके हैं। पिछली बार भाजपा से जीते हुए बृजेंद्र सिंह कांग्रेस में जा चुके हैं। हरियाणा में जाट बाहुल्य हिसार लोकसभा सीट पर बीजेपी ने अपने पाले में रणजीत सिंह को शामिल करते हुए मैदान में उतार दिया है। रणजीत सिंह का वैसे तो जींद जिले में अच्छा वर्चस्व है, लेकिन कांग्रेस का चेहरा मैदान में आने के बाद पता चलेगा कि उनकी राह कितनी आसान होगी।