सीडीएलयू SIRSA में यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज़ सेल द्वारा 3 दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का हुआ समापन
सिरसा चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा में विश्वविद्यालय के यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज़ सेल द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम का समापन समारोह भव्य रूप से संपन्न हुआ। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जाने माने शिक्षाविद एवं समाजसेवी राजकुमार ग्रोवर ने उपस्थित प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि मानव जीवन की सार्थकता तभी है जब हम अपने अंदर मानवीय मूल्यों का विकास करें।
उन्होंने कहा कि आज के समय में तकनीक और भौतिक संसाधनों की भरमार होने के बावजूद व्यक्ति के भीतर का संतुलन बिगड़ रहा है, जिसे केवल आत्मचिंतन, नैतिक आचरण और सकारात्मक सोच के माध्यम से ही पुनर्स्थापित किया जा सकता है।
राज कुमार ने कहा कि विश्वविद्यालयों का दायित्व केवल ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि छात्रों के चरित्र निर्माण और व्यक्तित्व विकास की दिशा में कार्य करना भी है। यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज़ जैसी पहलें युवा पीढ़ी में संवेदनशीलता, सहयोग, सहिष्णुता और आपसी सम्मान की भावना को प्रोत्साहित करती हैं।
समापन समारोह की अध्यक्षता करते हुए कुलपति प्रो. विजय कुमार ने कहा कि मानवीय मूल्यों के बिना शिक्षा अधूरी है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ऐसे कार्यक्रम शिक्षकों में न केवल सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना जागृत करते हैं, बल्कि उन्हें एक सशक्त, नैतिक और जागरूक नागरिक बनने के लिए प्रेरित भी करते हैं। कुलपति ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों को नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर डॉ मीत ने तीन दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट प्रोग्राम की रिपोर्ट प्रस्तुत की तथा मुख्यातिथि का स्वागत किया। डॉ रविंद्र द्वारा मेहमानों का धन्यवाद किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर अशोक शर्मा, यूनिवर्सल ह्यूमन वैल्यूज़ सेल के कोऑर्डिनेटर डॉ रविंदर, सलाहकार प्रोफेसर श्याम लाल फुटेला, संयोजक प्रोफेसर काशिफ किदवई, प्रोफेसर राजकुमार सहित विभिन्न विभागों के प्राध्यापकगण व शोधार्थी उपस्थित रहे।
