home page

सिरसा में काली स्कॉर्पियो सवार 3 युवक हेरोइन सहित गिरफ्तार, CIA पुलिस ने जोधकां बस स्टैंड पर पकड़ा

 | 
Three youths in a black Scorpio arrested with heroin in Sirsa; apprehended by CIA police at Jodhanka bus stand

 MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI

सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईए सिरसा की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गांव जोधकां बस स्टैंड के पास काली स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार तीन युवकों को 8.41 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना डिंग में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सीआईए सिरसा प्रभारी इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस अधीक्षक सिरसा दीपक सहारन के दिशा-निर्देशों के तहत नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सीआईए सिरसा की एक पुलिस टीम गश्त और चेकिंग के दौरान एनएच-9 से होते हुए गांव जोधकां की तरफ जा रही थी।इसी दौरान गांव जोधकां की तरफ से एक काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी आती दिखाई दी।

पुलिस टीम को सामने देखकर गाड़ी में सवार युवकों ने वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान गाड़ी मौके पर ही बंद हो गई। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गाड़ी सवार अमित कुमार पुत्र रोहताश,नीरज पुत्र पूर्ण चंद व रवि कुमार उर्फ काली पुत्र ओमप्रकाश निवासियान गांव जोधकां,जिला सिरसा को काबू कर लिया। इंस्पेक्टर रविंद्र कुमार ने बताया कि नियमानुसार राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में गाड़ी और आरोपियों की तलाशी ली गई तो उनके कब्जे से 8.41 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना डिंग में मामला दर्ज कर जांच डिंग थाना पुलिस को सौंप दी गई।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।

WhatsApp Group Join Now

रिमांड के दौरान आरोपियों से गहनता से पूछताछ कर नशा तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जाएगी और उनके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।सिरसा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या किसी भी अन्य अपराध से संबंधित सूचना तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ इस लड़ाई में आमजन का सहयोग बेहद जरूरी है, ताकि युवा पीढ़ी को नशे से बचाकर समाज को सुरक्षित और नशामुक्त बनाया जा सके।