home page

हर घर तिरंगा अभियान के पहले दिन चाडीवाल, जसानिया, नुहियांवाली, नाथुसरी कलां में निकाली गई तिरंगा यात्राएं

 | 
Tiranga rallies were taken out in Chadiwal, Jasania, Nuhiyanwali, and Nathusari Kalan on the first day of the 'Har Ghar Tiranga' campaign

mahendra india news, new delhi

वंदे मातरम के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में जिला में हर घर तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन में देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति भावनात्मक जुड़ाव को और मजबूत करना है। 17 अगस्त तक चलने वाले अभियान के तहत रविवार को पहले दिन जिला में विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्राएं और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिससे जिला देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया।

अभियान के तहत रविवार को गांव नेजाडेला खुर्द, किराड़कोट, भावदीन, रानिया शहर, चाडीवाल, जसानिया, नुहियांवाली, नाथुसरी कलां, सहारणी, मलड़ी, भीवां, रोहन, बुर्जकर्मगढ़, झीड़ी, ढाबां, सुरतिया, जमाल, नागोकी, सुखचैन, लहंगेवाला, अलीकां, मल्लेवाला, बकरियांवाली, नारायण खेड़ा सहित कई क्षेत्रों में जागरूकता कार्यक्रम और तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में ग्रामीणों, युवाओं, महिलाओं तथा स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

ग्रामीणों और स्कूली विद्यार्थियों ने हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर गांव और प्रमुख मार्गों से तिरंगा यात्रा निकाली। विद्यार्थियों ने देशभक्ति के नारे लगाते हुए नागरिकों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान ग्रामीणों ने विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन भी किया। बच्चों में भी अभियान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। शिक्षकों और अन्य गणमान्य ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान से जुड़े नियमों की जानकारी भी दी। उन्होंने सभी से अपील की कि वे अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करें।

WhatsApp Group Join Now

सरल केंद्र में लगाई गई प्रदर्शनी, लघु सचिवालय में भी सेल्फी प्वाइंट

हर घर तिरंगा अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग द्वारा सरल केंद्र, सिरसा में प्रदर्शनी लगाई गई है जिसके माध्यम से आमजन और युवाओं को देश के इतिहास व लोकतांत्रिक मूल्यों से रूबरू करवाया जाएगा। इसके अलावा लघु सचिवालय व सरल केंद्र परिसर में सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है। यहां सेल्फी लेने वाले नागरिकों को हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित भी किया जाएगा। अन्य जगह पर भी प्रदर्शनी और सेल्फी प्वाइंट स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा तिरंगा बाईक-साइकिल रैली, रंगोली, स्कूलों में विविध कार्यक्रम सहित अन्य आयोजन 17 अगस्त तक किए जाएंगे। मुख्य स्थानों को भी तिरंगा लाइटों से सजाया जाएगा।