हरियाणा में दर्दनाक घटना, आग लगने से सरकारी अध्यापक जिंदा जला, अध्यापक की पत्नी है नर्स
Tragic incident in Haryana: Government teacher burnt alive in fire, teacher's wife is a nurse
हरियाणा के अंदर दर्दनाक हादसा हुआ है। प्रदेश के जींद में शनिवार सुबह मकान में आग लगने से अंदर सो रहा राजकीय अध्यापक जिंदा जल गया। आग लगने के बारे में लोगों ने सूचना फायर ब्रिगेड को दी। फायर ब्रिगेड ने आकर आग पर काबू पाया। घटना में अध्यापक का शव जलने के कारण बुरी तरह से क्षत-विक्षत हो गया है।
जानकारी के अनुसार आग लगने की घटना सुबह करीबन साढ़े पांच बजे की है। मूल रूप से जुलाना के जैजैवंती गांव के रहने वाले 50 साल का राजकुमार अध्यापक के पद पर तैनात थे। पिछले करीब 8 सालों से वह शहर के साथ लगते अमरेहड़ी गांव में मकान लेकर रह रहे थे। जबकि, उनकी तैनाती खेड़ा खेमावती गांव के राजकीय स्कूल में थी।
जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात को राजकुमार अपने कमरे में सो रहे थे। मकान में शनिवार तड़के अज्ञात कारणों से आग लग गई। इसके बाद पूरे कमरे में आग फैलने के कारण राजकुमार इसमें जल गए और उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों को मकान में आग लगी देखी तो फायर ब्रिगेड को इसकी सूचना दी गई।
फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया। बताया जा रहा है कि राजकुमार की पत्नी भिवानी में स्टाफ नर्स हैं। वहां ड्यूटी के चलते वह सप्ताह में एकाध बार राजकुमार के पास आती थीं। राजकुमार का एक बेटा भी है, जो बाहर रहता है।
