home page

नामचर्चा में भजन-शब्दों से दी श्रद्धांजलि, रूहानी सत्संग सुनकर मानवता भलाई के कार्यों को आगे बढ़ाने का लिया संकल्प

 | 
Tributes were paid through devotional hymns during the spiritual gathering; inspired by the spiritual discourse, a pledge was taken to advance humanitarian and welfare activities

 mahendra india news, new delhi
 पूर्व पार्षद जश्न इन्सां की सचखंडवासी माता सरोज रानी इन्सां की स्मृति में शुक्रवार को ब्लॉक कल्याण नगर की ओर से श्रद्धांजलि स्वरूप नामचर्चा आयोजित की गई। शाह सतनाम जी मार्ग पर वीटा मिल्क प्लांट के समीप वारिश पैलेस में हुई नामचर्चा में बड़ी संख्या में साध-संगत, परिजन और विभिन्न सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक संगठनों के प्रतिनिधि पहुंचे। इस दौरान राम-नाम का जाप, भजन-शब्द और रूहानी सत्संग के माध्यम से सचखंडवासी को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। नामचर्चा की शुरूआत प्रेमी सेवक नीरज इन्सां ने इलाही नारा लगाकर की। इसके बाद कविराजों ने भजन-शब्दों के माध्यम से उपस्थित साध-संगत को राम-नाम से जुड़ने और मानवता भलाई के कार्यों में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। इसके बाद पूज्य गुरु संत डॉ. गुरमीत राम रहीम सिंह जी इन्सां का रूहानी सत्संग आॅडियो के माध्यम से सुनाया गया।


- श्रद्धांजलि को बनाया सेवा का माध्यम, 11 परिवारों तक पहुंची मदद
नामचर्चा के बाद परिवार की ओर से जरूरतमंद परिवारों की मदद कर सरोज रानी इन्सां को श्रद्धांजलि दी गई। डेरा सच्चा सौदा की फूड बैंक मुहिम के तहत 11 जरूरतमंद परिवारों को एक-एक माह का राशन वितरित किया गया। सेवा कार्य के दौरान परिजनों ने कहा कि मानवता की सेवा ही उनके लिए सचखंडवासी की याद को जीवंत रखने का माध्यम है। प्रेमी सेवक नीरज इन्सां ने बताया कि सरोज रानी इन्सां का परिवार लंबे समय से डेरा सच्चा सौदा से जुड़ा हुआ है। वह सच्ची कल्याण समिति के साथ जुड़कर मानवता भलाई के कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेती थीं। परिवार भी लगातार इन सेवा कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।


- सामाजिक, धार्मिक और राजनीतिक क्षेत्र के लोग पहुंचे
नामचर्चा में सच्चे नम्र सेवादारों के अलावा ओडिशा के पूर्व राज्यपाल प्रो. गणेशीलाल, सिरसा विधायक गोकुल सेतिया, वरिष्ठ भाजपा नेता मनीष सिंगला, हरियाणा युवा कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहित शर्मा, वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजकुमार शर्मा, नवीन केड़िया, वरिष्ठ भाजपा नेता गोबिंद कांडा और नगर परिषद के पूर्व प्रधान रणधीर सिंह, सचखंडवासी के पति जवाहर लाल इन्सां, पूर्व पार्षद जश्न इन्सां, मुनीष इन्सां मौजूद रहे। इसके अलावा कल्याण नगर ब्लॉक के ब्लॉक प्रेमी सेवक मा. सतीश इन्सां, प्रेमी सेवक किशोरी लाल इन्सां सहित सिरसा, कल्याण नगर, शाह सतनाम जी नगर और शाह सतनाम जी पुरा की साध-संगत, रिश्तेदारों तथा सामाजिक, धार्मिक व राजनीतिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न धार्मिक व राजनीतिक संस्थाओं, पार्षदों और विधायक की ओर से भेजे गए शोक संदेश भी पढ़कर सुनाए गए। अंत में सुमिरन और प्रसाद वितरण के साथ नामचर्चा का समापन हुआ।

WhatsApp Group Join Now