SIRSA में लाखों रूपए की चूरा पोस्त के साथ राजस्थान के दो नशा तस्कर गिरफ्तार
Mahendra india news, new delhi
नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सीआईए स्टाफ सिरसा पुलिस ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए बाइक सवार राजस्थान के दो युवकों को लाखों रूपए की 28 किलो 100 ग्राम चूरा पोस्त के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर सिरसा में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देश पर नशा तस्करी पर शिकंजा कसने के लिए सीआईए स्टाफ लगातार अभियान चला रहा है। इसी कड़ी में सीआईए प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार की टीम के नेतृत्व में एसआई राधा कृष्ण अपनी टीम के साथ बरनाला रोड पर केसीएम रिसॉर्ट के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान गांव पनिहारी की तरफ से एक मोटरसाइकिल पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम को देखकर दोनों युवकों ने मोटरसाइकिल वापस मोड़कर भागने का प्रयास किया।
शक होने पर पुलिस कर्मचारियों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया। नियमानुसार तलाशी लेने पर उनके कब्जे से प्लास्टिक के कट्टे में 28 किलो 100 ग्राम चूरा पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने नशे की खेप और मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शमशेर सिंह पुत्र किशन सिंह निवासी सुरेवाला, थाना टिब्बी, राजस्थान और संदीप सिंह पुत्र पंजा सिंह निवासी सुरेवाला, थाना टिब्बी, राजस्थान के रूप में हुई है।सीआईए प्रभारी निरीक्षक रविन्द्र कुमार ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
पूछताछ के दौरान नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे आगे किसे सप्लाई किया जाना था, इस संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की संभावना है। सिरसा पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशा तस्करी या किसी अन्य अपराध से संबंधित जानकारी तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी। पुलिस का उद्देश्य सामूहिक प्रयासों से समाज को नशामुक्त और सुरक्षित बनाना है।
