CDLU में दो प्रोफेसरों को मिली नई जिम्मेदारी, कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने जारी किए आदेश
MAHENDRA INDIA NEWS, NEW DELHI
चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय, सिरसा के कुलगुरु प्रो. विजय कुमार ने प्रशासनिक एवं शैक्षणिक व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुनील कुमार को शोभा देवी रामानंद बंसल सेंटर फॉर इंडियन नॉलेज सिस्टम्स (एसडीआरबीसीआईकेएस) के निदेशक का अतिरिक्त दायित्व सौंपा है। वहीं, शिक्षा विभाग में कार्यरत प्रो. राजकुमार को खेल एवं योग विभाग के अध्यक्ष का अतिरिक्त कार्यभार सौंपा गया है। इस संबंध में कुलसचिव डॉ सुनील कुमार द्वारा अधिसूचना जारी की गई है।
डॉ. सुनील कुमार ने बीबीए, एमबीए तथा बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन में पीएचडी की उपाधि प्राप्त की है। उनका शोध क्षेत्र विपणन प्रबंधन एवं मानव संसाधन प्रबंधन है। उनके पास लगभग 12 वर्षों का शिक्षण अनुभव है। उन्होंने 25 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, सम्मेलनों एवं कार्यशालाओं में भागीदारी की है तथा शोध पत्र प्रस्तुत किए हैं। उनके लगभग 19 शोध लेख राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जर्नल्स तथा संपादित पुस्तकों में प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने 'कंपनसेशन मैनेजमेंट', 'मार्केटिंग मैनेजमेंट' एवं 'ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट' विषयों पर तीन पुस्तकें भी प्रकाशित की हैं।
डॉ. सुनील कुमार वर्तमान में सीडीएलयू के कुलसचिव है। उन्हें विभिन्न विश्वविद्यालयों एवं महाविद्यालयों द्वारा अतिथि वक्ता के रूप में आमंत्रित किया जाता रहा है। उन्होंने विश्वविद्यालय की विभिन्न समितियों, जिनमें निरीक्षण समिति, चयन समिति, स्नातक एवं स्नातकोत्तर बोर्ड ऑफ स्टडीज, अकादमिक काउंसिल तथा डीआरएसी/आरएसी शामिल हैं, में सक्रिय योगदान दिया है। उनके शैक्षणिक एवं प्रशासनिक अनुभव से भारतीय ज्ञान परंपरा से संबंधित गतिविधियों, अनुसंधान एवं अकादमिक कार्यक्रमों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है।
वहीं, शिक्षा विभाग के प्रोफेसर प्रो. राजकुमार की शैक्षणिक पृष्ठभूमि अत्यंत समृद्ध है। उन्होंने एमएससी (गणित), एमएड, यूजीसी-नेट तथा शिक्षा में पीएचडी की उपाधियां प्राप्त की हैं। उनके शोध के प्रमुख क्षेत्र विद्यालय शिक्षा, शिक्षक शिक्षा एवं समावेशी शिक्षा रहे हैं। वे 60 से अधिक राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय संगोष्ठियों, सम्मेलनों एवं कार्यशालाओं में शोध पत्र प्रस्तुत कर चुके हैं। उन्होंने लंदन स्कूल ऑफ मैनेजमेंट एजुकेशन, यूनाइटेड किंगडम तथा उदयाना विश्वविद्यालय, बाली, इंडोनेशिया में आयोजित अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक मंचों पर भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई है। वर्तमान में वे विश्वविद्यालय में निदेशक, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (आईक्यूएसी) तथा परीक्षा नियंत्रक के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
इस अवसर पर प्रो. राजकुमार ने विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उन्हें सौंपे गए अतिरिक्त दायित्व का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व के साथ करेंगे। उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
