स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत स्थानीय पंचायत भवन SIRSA में कार्यक्रम का आयोजन
Mahendra india news, new delhi
अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने कहा कि देश प्रदेश को स्वच्छ बनाने के लिए सबको सामुहिक रूप से मिलकर काम करना होगा। सफाई के अलावा कूड़ा निस्तारण की पूरी प्रक्रिया में भी अपनी जिम्मेवारी निभानी होगी तभी सही मायने में स्वच्छता पर कार्य पूर्ण होगा।
वे बुधवार को स्थानीय पंचायत भवन में आयोजित स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। इस दौरान स्कूली विद्यार्थियों द्वारा स्वच्छता से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए और सफाई मित्र व पूर्व में स्कूलों में आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त उपायुक्त वीरेंद्र सहरावत ने कहा कि सफाई और कूड़ा निस्तारण में बेहतर काम कर पाएं, इसके लिए जरूरी है कि हम कचरे को इधर उधर न फैंके और उसका वर्गीकरण भी करें। गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करने की आदत डालनी होगी। कचरा अकेला वेस्ट नहीं है बल्कि इसमें रिसाइकलिंग कर कई तत्व व वस्तुएं अलग निकाली जाती है, जो दूसरी वस्तुएं बनाने में मददगार बनती है।
अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि कचरा उठाने के लिए डोर टू डोर गाडिय़ां लगाई गई है। शिकायत के लिए नंबर भी जारी किया गया है। पूरे शहर में सफाई कर्मचारियों की टीमें तैनात है। आमजन सफाई कर्मचारियों के आने से पहले अपना कचरा डस्टबिन में डालकर अलग रख दें ताकि उसे उठाने में आसानी हो। सफाई कर्मचारियों द्वारा सफाई करने के बाद कहीं पर भी कचरा न फैलाएं और एक जिम्मेवार नागरिक की भूमिका निभाते हुए यदि कोई दूसरा व्यक्ति कचरा फैलाता है तो उसे भी रोकें।
वहीं नगर परिषद के चेयरमैन शांति स्वरूप ने कहा कि शहर स्वच्छ होगा तो हम सब स्वस्थ रहेंगे। सफाई जीवन के लिए महत्वपूर्ण है। नगर परिषद ने घर-घर से कूड़ा उठाने की व्यवस्था की हुई। स्वच्छता में बेहतर कार्य तभी हो पाएगा जब हर व्यक्ति अपनी जिम्मेवारी समझेगा। उन्होंने स्कूलों में स्वच्छता को लेकर आयोजित कार्यक्रम का उल्लेख करते हुए कहा कि विद्यार्थियों ने भी स्वच्छता का संदेश देने के साथ ही सफाई का संकल्प लिया, जोकि बहुत ही अच्छा व नेक इरादा है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता पखवाड़ा के तहत स्कूलों में कार्यक्रम किए गए हैं। स्वच्छता कार्यक्रम 24 अगस्त से शुरू किए गए जो, 25 नवंबर तक लगातार जारी रहेंगे।
कार्यक्रम में द सिरसा स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वच्छता पर नाटक प्रस्तुत किया तो राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने हरियाणवी डांस प्रस्तुत किया। इस अवसर पर स्कूलों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी सम्मानित किया गया। स्वच्छता मिशन में जागरूकता के लिए रणजीत सिंह व नेहरू युवा केंद्र के वॉलिंटियर को भी सम्मानित किया गया व मुख्यातिथि द्वारा बेहतर सफाई कार्य के लिए अकबर, बिट्टू, अरुण, रितिक, सन्नी, अजय, सोनू, सुखविंद्र, विजय, संजय व बूटा सिंह सफाई कर्मचारियों को सफाई मित्रा पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
इस मौके पर नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी सुनील रंगा, सुमन, उप निरीक्षक पवन कुमार, रवि, द सिरसा स्कूल की प्रधानाचार्य मनीषा गोदारा, बंसीलाल, राम निवास, रोहित कुमार मुख्य रूप से उपस्थित हुए।
