स्वदेशी उत्पादों का ज्यादा से ज्यादा करें उपयोग, आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में दें योगदान: कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा
mahendra india new delhi
लोक निर्माण एवं जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री श्री रणबीर सिंह गंगवा ने शुक्रवार को डबवाली रेलवे स्टेशन पर पहुंचकर यात्रियों से मुलाकात की और ‘हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी’ के तहत आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दिलाने हेतु स्वदेशी अपनाने संबंधी पंपलेट भी वितरित किए। रेलगाडिय़ों के आगमन के दौरान उन्होंने यात्रियों को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग के लिए प्रेरित किया और भारतीय उद्यमियों एवं कारीगरों का समर्थन करके एक मजबूत व आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इस अवसर पर स्टेशन पर मौजूद आमजन को भी स्वदेशी अपनाने के महत्व से अवगत कराया गया।
कैबिनेट मंत्री रणबीर सिंह गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से आग्रह किया है कि यदि हम अपने घरों में स्वदेशी और स्थानीय रूप से निर्मित उत्पादों का उपयोग करेंगे, तो देश आत्मनिर्भर बनेगा। इतिहास गवाह है कि चाहे स्वतंत्रता संग्राम हो या कोई और बड़ा अभियान, देशवासियों ने हमेशा एकजुट होकर राष्ट्रहित के कार्यों को पूरा किया है।
श्री गंगवा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों से देश निरंतर प्रगति कर रहा है। कोविड-19 जैसी वैश्विक महामारी के समय भारत के पास न पीपीई किट थी, न दस्ताने, न वेंटिलेटर—लेकिन ‘आपदा में अवसर’ के मंत्र को अपनाते हुए भारत ने न केवल अपनी आवश्यकताएँ स्वयं पूरी कीं, बल्कि दुनिया के अन्य देशों को भी चिकित्सा सामग्री और वैक्सीन भेजकर मदद की। यह आत्मनिर्भरता की दिशा में ऐतिहासिक कदम था।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि वर्ष 2047 में भारत की स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूर्ण होने पर देश को एक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य प्रधानमंत्री ने रखा है और यह लक्ष्य पूरी तरह से संभव है। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत हर नागरिक को संकल्प लेना चाहिए कि वे अपने देश में बने सामान ही खरीदें। इससे जीडीपी बढ़ेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और देश आर्थिक रूप से और अधिक मजबूत बनेगा। उन्होंने कहा कि हम सबको स्वयं से शुरुआत करनी होगी। साबुन, पेस्ट, कपड़े, जूते जैसे रोजमर्रा के उत्पादों से लेकर अन्य आवश्यक चीज़ों में स्वदेशी को प्राथमिकता देंगे, तभी देश के उद्यमी और उद्योग सशक्त हो सकेंगे।
कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष डबवाली रेनू शर्मा, मार्केट कमेटी चेयरमैन सतीश जग्गा, वाइस चेयरमैन अमीलाल पारीक, बलदेव सिंह मांगेआना, पूर्व सांसद चरणजीत रोड़ी, कृष्ण जंडवाला, विजयन्त शर्मा, जसवंत जाखड़, महेंद्र बंसल, नवदीप नेहरू, विकास शर्मा, दौलत राम, अर्चना, विजय वधवा और हरजिंद्र सिंह सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।
