home page

हिंदी दिवस के उपलक्ष्य में जिले में होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं, हिंदी पखवाड़ा 2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों की प्रतिभा को मिलेगा मंच

 | 
news

mahendra india news, new delhi
सिरसा। एससीईआरटी हरियाणा के आदेशों की अनुपालना में जिला शिक्षा अधिकारी, सिरसा एवं जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), डिंग के प्राचार्य सुभाष फुटेला के निदेर्शानुसार तथा डाइट डिंग प्रभारी सुरेंद्र सिंह नूनिया की देखरेख में हिंदी दिवस के अवसर एवं हिंदी पखवाड़ा-2026 के अंतर्गत विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि, रचनात्मकता एवं अभिव्यक्ति कौशल को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है।

सूचना देते हुए जिला हिंदी पखवाड़ा प्रभारी एवं भाषा विशेषज्ञ सूरज दुग्गल ने बताया कि विभिन्न कक्षा वर्गों में विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताएं 20 अगस्त 2026 तक आयोजित की जानी निर्धारित थीं। इनमें कविता पाठ, चित्र देखकर कविता लेखन, दृश्य/घटना वर्णन, चित्र देखकर कहानी लेखन, भाषण प्रतियोगिता, व्याकरण आधारित प्रश्नोत्तरी एवं निबंध लेखन सहित विभिन्न गतिविधियां शामिल रही। विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के विजेता विद्यार्थी 31 अगस्त 2026 तक खंड स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में भाग लेंगे।

वहीं खंड स्तर के विजेता प्रतिभागी विद्यार्थी 10 सितंबर 2026 तक जिला स्तर पर आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। दुग्गल ने यह भी बताया कि इन प्रतियोगिताओं का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति रुचि विकसित करने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, भाषाई दक्षता एवं अभिव्यक्ति कौशल को निखारना है। उन्होंने विद्यालयों से आह्वान किया कि अधिक से अधिक विद्यार्थियों को इन गतिविधियों में सहभागी बनाया जाए, ताकि उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए उचित मंच मिल सके।
 

WhatsApp Group Join Now


डाइट डिंग की ओर से जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को विद्यालय एवं खंड स्तरीय प्रतियोगिताओं का निष्पक्ष एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने तथा विजेता प्रतिभागियों की सूची एवं आवश्यक रिपोर्ट निर्धारित समय पर डाइट डिंग, सिरसा कार्यालय को उपलब्ध करवाने के संबंध में संस्थान की ई-मेल के माध्यम से सूचना भेजी जा चुकी है। इसमें विद्यार्थियों एवं हिंदी अध्यापकों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने हेतु विशेषतौर पर लिखा गया है।
-सुरेंद्र सिंह नूनिया, प्रभारी, जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान, डिंग, सिरसा।