एनएच-9 पर मोरीवाला कट पर स्पीड ब्रेकर की मांग, ग्रामीणों ने SIRSA डीसी को सौंपा ज्ञापन
स्कूलों के पास तेज रफ्तार वाहनों से हादसों का खतरा, कई दुर्घटनाओं का हवाला देकर जल्द कार्रवाई की मांग
सिरसा। नेशनल हाइवे -9 स्थित मोरीवाला कट पर बढ़ते सड़क हादसों और तेज रफ्तार वाहनों से लोगों की सुरक्षा को लेकर गांव मोरीवाला, कोटली और रसूलपुर के ग्रामीण सोमवार को लघु सचिवालय पहुंचे। ग्रामीणों ने उपायुक्त को ज्ञापन सौंपकर मोरीवाला कट पर शीघ्र स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। इस दौरान उपायुक्त ने उनकी समस्या के समाधान के लिए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। ग्रामीणों ने बताया कि मोरीवाला कट क्षेत्र का अत्यंत व्यस्त मार्ग है, जहां से प्रतिदिन मोरीवाला, रसूलपुर सहित आसपास के गांवों के हजारों लोग आवागमन करते हैं। कट के निकट श्री चैतन्य स्कूल, भाई कन्हैया स्कूल सहित अन्य शिक्षण संस्थान स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी, महिलाएं, बुजुर्ग और कर्मचारी आते-जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार इस मार्ग पर भारी वाहनों और ट्रकों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। कट के दोनों ओर स्पीड ब्रेकर नहीं होने के कारण वाहन तेज गति से गुजरते हैं, जिससे सड़क पार करना जोखिम भरा हो गया है। विशेष रूप से स्कूली बच्चों और बुजुर्गों को हर समय हादसे का डर बना रहता है। ज्ञापन के माध्यम से ग्रामीणों ने प्रशासन को अवगत कराया कि इस स्थान पर पूर्व में कई सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं और कई लोगों की जान भी जा चुकी है। उन्होंने जनहित और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एनएच-9 के मोरीवाला कट पर जल्द स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की, ताकि भविष्य में होने वाली दुर्घटनाओं को रोका जा सके। ग्रामीणों ने कहा कि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जाने से क्षेत्रवासियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिलेगी और दुर्घटनाओं की संभावना में कमी आएगी। इस अवसर पर बलविंदर सिंह खैरा, सुरेंद्र पाल सिंह कटारिया, बनवारी नाथ, हरजिंद्र सिंह नंबरदार, कुलदीप नाथ सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
