26 मार्च 2025 का मौसम : कल मौसम में होगा बदलाव, ऐसा रहेगा मौसम

मौसम में एक बार फिर से बदलाव देखने को मिल रहा है। हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, दिल्ली समेत उत्तरी भारत में तापमान बढ़ने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार दक्षिण छत्तीसगढ़ से उत्तर केरल तक विदर्भ, मध्य महाराष्ट्र और उत्तर आंतरिक कर्नाटक होते हुए एक ट्रफ/पवन अनिश्चिता बनी हुई है। कल बुधवार यानि 26 मार्च 2025 को भी पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश में दिन और रात के तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस बढ़ने की संभावना है।
मौसम की संभावित गतिविधि
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले 24 घंटे के दौरान, गिलगित-बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर में हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। केरल, तमिलनाडु, लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। उत्तर पश्चिमी, मध्य और पूर्वी भारत में दिन और रात के तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी बढ़ने की उम्मीद है।
देश भर में हुई मौसमी हलचल
आपको बता दें कि पिछले 24 घंटे के दौरान, कुछ स्थानों पर हल्की बरसात दर्ज की गई। तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में हल्की बरसात हुई। लक्षद्वीप और अंडमान व निकोबार द्वीप समूह में कहीं-कहीं हल्की बरसात दर्ज की गई।