2 अक्टूबर 2025 का मौसम: बंगाल की खाड़ी में नया सिस्टम बनने से बदलेगा मौसम, होगी झमाझम बरसात
मौसम में एक बार फिर से बदलाव होने वाला है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार कल दशहरा के दिन वीरवार यानि 2 अक्टूबर 2025 को मौसम में बदलाव रहेगा। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव के प्रभाव से 2 से 5 अक्टूबर के दौरान पूर्वी भारत में भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। जिसमें 2 अक्टूबर को ओडिशा में अत्यधिक भारी बरसात हो सकती है।
एक नया और तीव्र पश्चिमी विक्षोभ 5 से 7 अक्टूबर के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है, जिसकी अधिकतम तीव्रता 6 अक्टूबर को चरम पर होगी।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार यूपी, बिहार और एमपी में 3-5 अक्टूबर बारिश का पीक रहेगा, जबकि उत्तराखंड और हिमाचल में 5-7 अक्टूबर पश्चिमी विक्षोभ के कारण भारी बारिश और ओलावृष्टि का खतरा है।
दिल्ली-एनसीआर हरियाणा में पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कल राज्य में बादल छाए रहेंगे, साथ ही हल्की बूंदाबांदी भी हो सकती है। 3 अक्टूबर को भी बादल छाए रहने की संभावना है।
यूपी में 2 अक्टूबर से लेकर 5 अक्टूबर के बीच प्रदेश में बरसात हो सकती है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं के लिए भी आगाह किया है और बताया कि 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।
उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि 5 अक्टूबर से 7 अक्टूबर को राज्य में पश्चिमी विक्षोभ का असर दिखेगा। जबकि 6 और 7 अक्टूबर को भारी बारिश व ओलावृष्टि की संभावना है। पहाड़ी रास्तों पर भूस्खलन का खतरा भी मंडरा रहा है।
