home page

गांव गांव जाकर देंगे रैली का न्यौता: दुष्यंत चौटाला, कहा, पार्टी की आगामी रणनीति, सरकार की विफलता को किया जाएगा उजागर

 | 
Will go from village to village to invite people for the rally: Dushyant Chautala, said, the party's upcoming strategy, the failure of the government will be exposed

mahendra india news, new delhi
पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि जननायक जनता पार्टी के आठवें स्थापना दिवस पर जींद जिले के जुलाना में 7 दिसंबर को विशाल व ऐतिहासिक रैली होगी जिसमें जहां पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला के मार्गदर्शन में जेजेपी की भविष्य की रणनीति तैयार होगी वहीं प्रदेश सरकार की विफलताओं को भी उजागर किया जाएगा। वे गुरुवार को चौटाला हाउस में मीडिया कर्मियों से रूबरू हो रहे थे। उन्होंने कहा कि पिछले एक वर्ष के दौरान जहां प्रदेश का हर वर्ग सरकार की गलत नीतियों से परेशान है वहीं कानून व्यवस्था की लचर स्थिति ने भी सरकार के ढीले प्रबंधों की पोल खोल दी है।

पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा सरकार की ओर से आरंभ की गई लाडो लक्ष्मी योजना के नाम पर जिस प्रकार गरीब परिवारों के राशन कार्ड काटे गए और उनकी पेंशन को भी प्रभावित किया गया है, वह निंदनीय है। हरियाणा में कानून व्यवस्था की गिरती व्यवस्था पर चिंता जाहिर करते हुए पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा कि किस प्रकार लालकिले के समीप हुए बलास्ट के तार हरियाणा के फरीदाबाद की एक यूनिवर्सिटी से जुड़े मिले, यह सभी के लिए चिंतनीय है। उन्होंने इसे इंटलीजेंस का फेलयोर बताया। उन्होंने सरकार से मांग की कि इस बड़े व गंभीर मामले में जिस भी सतर्कता अधिकारी अथवा कर्मचारी का दोष पाया जाए, उसके खिलाफ नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने हरियाणा में हुए धान के घोटाले के लिए प्रदेश सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि सैकड़ों करोड़ रुपए की नकली बिलिंग हुई और करोड़ों रुपए फर्जी खातों में डालकर इस घोटाले को अंजाम दिया गया।

दुष्यंत चौटाला ने कहा कि वर्ष 2019 की तर्ज पर हरियाणा सरकार को प्रदेश के सभी मिलर्स  की फिजिकल वैरिफिकेशन करवानी चाहिए। धान की इनकमिंग व डिस्पैच की जांच कर जो भी अधिकारी इसमें दोषी सिद्ध हो, उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही उन्होंने धान के साथ-साथ बाजरे की फसल में भी खरीद बेच में हुई लूट के दोषी अधिकारियों पर दंडात्मक कार्रवाई किए जाने की सरकार से मांग की। उन्होंने खुले तौर पर कहा कि स्वयं को किसान हितैषी बताने वाली भाजपा सरकार ने हरियाणा में पिछले दिनों हुई बरसात व बाढ़ के कारण 18 लाख एकड़ में हुई फसल प्रभावित होने की एवज में एक रुपया भी अभी तक प्रभावित किसानों के खाते में नहीं डाला जो उसका वास्तविक चरित्र दर्शाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यात्राएं छोडक़र सरकार की गलत नीतियों से प्रदेशवासियों को हो रही यातनाओं पर ध्यान देना चाहिए।

WhatsApp Group Join Now

कांग्रेस द्वारा वोट चोरी गद्दी छोड़ के अभियान पर कहा कि देश प्रदेश में सबसे पहले कांगे्रस ने ही वोटों की चोरी की प्रथा शुरू की थी जिसके पूर्व में अनेक उदाहरण हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग पर यदि गंभीर आरोप जड़े जा रहे हैं तो उसे भी इस विषय पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए क्योंकि विश्व के सबसे बड़े लोकतंत्र की जड़ें इसी आयोग से जुड़ी हैं। प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को हरियाणा का अब तक का सबसे विफल मुख्यमंत्री बताते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि वे जापान यात्रा पर केवल 5 हजार करोड़ का ही निवेश ला सके जबकि उनके कार्यकाल में वे करोड़ों की परियोजनाएं लेकर आए थे। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि सरकार आमजन के साथ राजस्व क्षेत्र में रजिस्ट्री ऑनलाइन करके धोखा कर रही है। रजिस्ट्री के जिन दस्तावेजों की कीमत पहले करीब 300 रुपए लगती थी, अब उसकी कीमत 1500 रुपए वसूली जा रही है जो आमजन से धांधली है।
 


जींद की पांडु पिंडारा की रैली का तोड़ेंगे रिकॉर्ड: अजय चौटाला
जेजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने कहा कि जेजेपी आगामी 7 दिसंबर को अपने स्थापना दिवस पर पूर्व में जींद की पांडु पिंडारा में हुई रैली का रिकॉर्ड भंग करेंगी। वे बुधवार को चौटाला हाउस में पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित कर रहे थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने जुलाना रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रत्येक कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए जिले के सभी पांचों हलकाध्यक्षों को निर्देश दिए कि वे घर घर जाकर रैली का न्यौता दें और ज्यादा से ज्यादा संख्या में महिलाओं को भी रैली में आमंत्रित करें।

इससे पहले पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला ने रैली से पूर्व संगठन को पूरा करने के लिए दिशा निर्देश दिए। उन्होंने सभी प्रकोष्ठों के जिला संयोजकों से अगले तीन चार दिन में शेष कार्यकारिणी की घोषणा करने को भी कहा व गांव गांव जाकर आमजन को रैली संबंधी न्यौता देने के निर्देश दिए। पार्टी के सिरसा प्रभारी कुलजीत कुलडिय़ा व जेजेपी जिलाध्यक्ष अशोक वर्मा ने भी अपने संबोधन में सभी कार्यकर्ताओं व पार्टी पदाधिकारियों को एकजुट होकर 7 दिसंबर को जुलाना की रैली को कामयाब करने के लिए आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों में जुलाना रैली को कामयाब बनाना बेहद आवश्यक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जन जन के बीच जाकर उन्हें पार्टी की नीतियों से अवगत करवाने और आमजन को ज्यादा से संख्या में और ऐतिहासिक रैली में शामिल होने का आमंत्रण देने की बात कही। इस दौरान पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से रैली की सफलता को लेकर आवश्यक सुझाव भी मांगे।