गोल्ड लोन चुकाने के बाद गहना न मिलने का आरोप, महिला ने फाइनेंस कंपनी पर उठाए सवाल
SIRSA डबवाली क्षेत्र के गांव पन्नीवाला मोरिकां निवासी एक महिला ने डबवाली स्थित मुत्थुट फाइनेंस शाखा पर गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस को शिकायत दी है। शिकायतकर्ता कर्मजीत कौर पत्नी जगजीवन सिंह ने थाना शहर डबवाली के एसएचओ को सौंपे आवेदन में कंपनी पर बकाया लोन चुकाने के बावजूद सोने की चैन वापस न करने का आरोप लगाया है।
शिकायतपत्र में महिला ने बताया कि उसने चौटाला रोड स्थित मण्डी डबवाली में सेन्ट्रल बैंक के पास मौजूद मुत्थुट फाइनेंस शाखा से अपनी सोने की एक चैन और दो कंगन गिरवी रखकर 2,60,000 रुपये का गोल्ड लोन लिया था। महिला के अनुसार, 10 नवंबर 2025 को लगभग दोपहर 1:30 बजे वह शाखा में बकाया राशि चुकाने के लिए गई और उसने पूरा भुगतान कर दिया। कर्मजीत कौर ने आरोप लगाया कि भुगतान के बाद शाखा के अधिकारियों ने उसे पैकेट में दो कंगन तो लौटा दिए,
लेकिन उसमें चैन नहीं थी। जल्दी में होने के कारण उसने पैकेट वहीं नहीं खोला। घर पहुंचकर पैकेट खोलने पर उसमें केवल कंगन मिले और चैन गायब थी। अगले दिन शाखा में पहुंचकर जब उसने अधिकारियों से बात की, तो उन्होंने चैन लौटाने से इनकार कर दिया और दावा किया कि पूरा सामान दे दिया गया था।
महिला ने बताया कि जब उसने सीसीटीवी फुटेज दिखाने की मांग की, तो फाइनेंस कर्मचारियों ने वीडियो दिखाने से साफ इनकार कर दिया। कर्मजीत कौर ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और उसे न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस शिकायत पर जांच कर रही है ।जब इस मामले के संबंध में एक अधिकारी से कई बार फोन पर बात करनी चाही तो उसने गलत नंबर बताकर हर बार फोन काटे।
