हरियाणा में युवती से बात करने पर युवक की पीट-पीटकर हत्या, 16 व्यक्तियों पर मामला दर्ज
mahendra india news, new delhi
हरियाणा प्रदेश की बड़ी खबरों में भिवानी जिला से हैं। जहां पर युुवती से बातचीत को लेकर रंजिश में मंगलवार देर रात्रि को सिटी स्टेशन के पास युवक रविंद्र की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि रात्रि के समय करीबन 3 बजे 15-16 युवकों ने उसे घेरकर हमला कर दिया। रविंद्र को बचाने पहुंचे उसके 2 साथी अजय व अनिल भी हमलावरों की चपेट में आ गए।
इस घटना के बाद ईआरवी टीम ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने रविंद्र को मृत घोषित कर दिया। मृतक मूलरूप से हांसी जिले के गांव बास का निवासी था और फिलहाल रेलवे लाइनपार क्षेत्र में रहता था।
जानकारी के अनुसार पता चला है कि पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रविंद्र एक युवती से बातचीत करता था। युवती के भाइयों को इसकी जानकारी थी और उन्होंने पहले भी उसे बातचीत बंद करने के लिए कहा था। इसके बावजूद संपर्क बना रहने को लेकर रंजिश चल रही थी। पुलिस को आशंका है कि इसी विवाद के चलते रविंद्र पर यह हमला किया गया।
भिवानी सदर थाना प्रभारी महावीर सिंह ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान पर 15-16 नामजद आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। वहीं, डीएसपी मुख्यालय महेश कुमार ने बताया कि तथ्यों के आधार पर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई होगी।
